विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत के सभागार में दिया गया आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण, दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत हुआ आयोजन

कटनी(YASHBHARAT.COM)। विजयराघवगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बच्चों में संभावित दिव्यांगता की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर आवश्यक सहयोग और समावेशन शुरू करने पर जोर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी संतोष अग्रवाल ने प्रशिक्षण की शुरुआत की। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अब्दुल गफ्फार ने भी ट्रेनिंग में सहभागिता की।एवं प्रशिक्षण के संबंध में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को सफतला पूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने एवं कार्यक्षेत्र में ट्रेनिंग से प्राप्त जानकारी को सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए। मास्टर ट्रेनर जिला कार्यक्रम प्रमुख भरत पटेल, शिवशंकर कुमार एवं प्रवेश कुमार पटेल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिव्यांगता की पहचान और समावेशी शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विकासखंड क्षेत्र की 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 किया गया है। कार्यकर्ताओं को संभावित दिव्यांगताओं की पहचान ऐसे बच्चों को चिह्नित करने और उन्हें समय पर शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई गई। शुरुआती स्तर पर पहचान होने से बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनका समावेशन जल्द शुरू करने में मदद मिलेगी। मास्टर ट्रेनरों ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करने के साथ उन्हें पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना जरूरी है। बुनियादी शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराकर इन बच्चों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।








