जोश – ए – जुनून और पूरी अक़ीदत के साथ निकले ताजिये, या अली- या हुसैन के नारों से गूंजा आसमान

कटनी। मोहर्रम माह की दसवीं तारीख को आज मोहर्रम का मातमी पर्व पूरी अक़ीदत और जोश- ओ – जुनून के साथ मनाया गया। पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत हुसैन और उनके जांनिसार साथियों की शहादत को याद करते हुए ताजियों का बड़ा जुलूस निकाला गया।
अपरान्ह बाद से ही ताजिये मिशन चौक और दिलावर चौक में एकत्र होने लगे थे। तय वक़्त पर ताजियों एवं सवारियों का यह जुलूस दिलावर चौक से प्रारंभ होता हुआ आगे बढ़ा। पूरे जुलूस मार्ग पर शर्बत और लंगर तकसीम किया जा रहा था। साफ – सफाई,सुरक्षा और रोशनी के चाक चौबंद इंतज़ाम किये गए थे। शाम से शुरू हुआ यह जुलूस अपने तयशुदा रास्ते पर गश्त करता हुआ देर रात गाटर घाट स्थित कर्बला पहुंचेगा जहां ताजिये और सवारियां ठंडी की जाएंगी
कटनी -मोहर्रम पर्व पर शहर में सवारियों ने गश्त की तो वहीं ताजियों को जुलूस निकाला गया। मिशन चौक व सुभाष चौक में मुस्लिम समुदाय के विभिन्न संगठनों द्वारा बनाई गई कर्बला की झांकियों को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समुदाय के लोग नगर पहुंचे और जुलूस में शामिल होकर दुआएं मांगी। मोहर्रम पर्व पर सवारियां अपने इमामबाड़ों से शाम को निकलीं और निशान के साथ गश्त करते हुए मिशन चौक मैदान पहुंची। उनके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों से कमेटियों के ताजिया भी निकलकर जुलूस के रूप में दिलाबर चौक मैदान में एकत्र हुए। शाम से ताजियों व सवारियों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। दिलाबर चौक से ताजिया जुलूस के रूप में नगर निगम, कोतवाली तिराहा, सुभाष चौक, मुख्य मार्ग होते हुए दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास पहुंचकर एकत्र हुए, जहां पर उनको रखा गया। मंदिर के पास से वापस जुलूस प्रारंभ हुआ। जिसमें ताजियों के साथ ही इमामबाड़ों से निकली सवारियां भी गश्त करते हुए शामिल हुईं। देर रात तक जुलूस वापस मिशन चौक से होते हुए कटनी नदी के किनारे कर्बला पहुंचना शुरू हो गया था। जहां पर ताजियों को विसर्जन होगा। मोहर्रम पर्व पर निकाले जाने वाले ताजियों के नीचे से निकलने की परंपरा रही है। माना जाता है कि उनके नीचे से निकलने से सभी दुख दर्द दूर हो जाते हैं। ताजियों के नगर में पहुंचते ही उनके नीचे से निकलने वालों में होड़ रही। पर्व को लेकर मंगलवार की रात से नगर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा रही। जुलुश क़े पूर्व मे पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया नगर पुलिस अधीक्षक ख्याती मिश्रा ने कोतवाली कण्ट्रोल से पुलिस बल की ड्यूटी ब्रीफ की जिसके बाद पुलिस बल अपने अपने ड्यूटी पॉइंट पर रवाना हुए इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा, कुठला प्रभारी अभिषेक चौबे, एनकेजे प्रभारी नीरज दुबे,बस स्टेण्ड चौकी प्रभारी अंकित मिश्रा यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडेय सहित पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षकों सहित थानों के बल को सुरक्षा में लगाया गया।








