katniमध्यप्रदेश

चाकू की नोक पर हुई लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा, तीन विधि उल्लंघनकारी बालक पकड़ाए

चाकू की नोक पर हुई लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा, तीन विधि उल्लंघनकारी बालक पकड़ा

कटनी। कुठला थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन विधि उल्लंघनकारी बालकों को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम, घटना में प्रयुक्त दो चाकू तथा बिना नंबर की बर्गमैन स्कूटी जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सुडौरा थाना शाहनगर जिला पन्ना निवासी दुर्गेश चौधरी (20) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह अपनी भाभी वर्षा चौधरी और छह माह की भतीजी को हैदराबाद जाने वाली बस में बैठाने के लिए ऑटो से शिवम ढाबा बायपास जा रहा था। चाका ब्रिज के आगे हाईवे पर बिना नंबर की काले रंग की बर्गमैन स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने ऑटो रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर फरियादी, उसकी भाभी और ऑटो चालक को धमकाया तथा मारपीट कर फरियादी से 6 हजार रुपये और ऑटो चालक से 300 रुपये लूट लिए।

घटना के दौरान फरियादी ने एक आरोपी के हाथ पर “मनु” तथा दूसरे के हाथ पर “ॐ” और “यादव जी” गुदा हुआ देखा था। इसी आधार पर पुलिस ने परंपरागत एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में तीनों विधि उल्लंघनकारी बालकों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई नकदी, दो चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बर्गमैन स्कूटी जब्त कर ली गई। पुलिस ने तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह, जबलपुर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, ताहिर खान, राहुल मिश्रा तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, हर्षुल मिश्रा, अभय यादव, करण सिंह, विजय प्रजापति, मनोज राजपूत सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button