अतिक्रमण प्रभारी को हटाने के बाद भी नहीं थमा अधिवक्ताओं का आक्रोश, नगर निगम गेट पर धरना जारी
आयुक्त के सामने आकर चर्चा करने की मांग पर अड़े वकील,सात घंटे से अधिक समय से चल रहा चक्काजा
कटनी। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम में हुई कथित अभद्रता का मामला गुरुवार को तूल पकड़ता नजर आया। घटना के विरोध में लामबंद हुए शहर के अधिवक्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि अधिवक्ताओं की मांग पर अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को पद से हटाए जाने के बाद भी वकीलों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और उन्होंने अपना धरना जारी रखा।
करीब छह घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई कथित अभद्रता केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज के सम्मान से जुड़ा मामला है। इसलिए केवल अतिक्रमण प्रभारी को पद से हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन को जवाब देना होगा।
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं की मांग थी कि नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार स्वयं मौके पर पहुंचकर उनसे चर्चा करें और मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करें। अधिवक्ताओं ने साफ कर दिया कि जब तक आयुक्त उनके बीच आकर बातचीत नहीं करतीं और उनकी अन्य मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह को हटाए जाने के बाद भी अधिवक्ताओं का नगर निगम के मुख्य द्वार पर डटे रहना इस बात का संकेत है कि मामला अब केवल अधिकारी को हटाने तक सीमित नहीं रह गया है। अधिवक्ता पूरे घटनाक्रम में जवाबदेही और सम्मानजनक समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।
धरने और चक्काजाम के चलते नगर निगम के सामने आवागमन भी प्रभावित रहा। देर शाम तक जारी इस विरोध प्रदर्शन के कारण नगर निगम परिसर और आसपास के क्षेत्र में गहमागहमी बनी रही। अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान कब निकलता है।











