हरेमाधव वर्सी पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने किया स्थल निरीक्षण 9-10 अक्टूबर को माधवनगर में होगा दो दिवसीय आयोजन, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर मंथन

हरेमाधव वर्सी पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने किया स्थल निरीक्षण
9-10 अक्टूबर को माधवनगर में होगा दो दिवसीय आयोजन, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर मंथ
कटनी। माधवनगर स्थित हरेमाधव दरबार साहिब में पूर्ण विदेही मुक्त संत परम श्रद्धेय सतगुरु बाबा माधवशाह एवं सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब के दो दिवसीय हरेमाधव वर्सी पर्व का आयोजन 9 एवं 10 अक्टूबर को किया जाएगा। आयोजन में कटनी सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी हरेमाधव दरबार साहिब पहुंचे। अधिकारियों ने निर्माणाधीन सत्संग पंडाल सहित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और आयोजन समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में वर्सी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। अन्य जिलों एवं राज्यों से रेल मार्ग से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आरपीएफ एवं जीआरपी अधिकारियों ने भी आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात सूबेदार अंजू लकड़ा एवं एसआई शशिभूषण दुबे ने भी स्थल का जायजा लिया। माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
पेयजल और नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा
नगर निगम अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर पेयजल, टेंट, दुकानों, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर एसडीएम जितेंद्र पटेल, नगर निगम उपायुक्त प्रियंका झरिया, तहसीलदार अतुलेश सिंह, एमपीईबी के अधिकारियों सहित आरपीएफ, जीआरपी, यातायात एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के सेवाधारियों ने अधिकारियों का स्वागत कर वर्सी पर्व की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। बैठक में दादा गंगाराम कटारिया, पीताम्बर टोपनानी, चमनलाल आनंद, झमटमल ठारवानी, देवानंद असरानी, भगवानदास टिलवानी, जाड़ामल माटानी, नंदलाल असरानी, डॉ. वीएम राजपाल, अशोक कारड़ा, लख्मीचंद डोडानी, लालचंद कारड़ा सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।








