Spain Train Accident
कॉर्डोबा (स्पेन)। दक्षिणी स्पेन में बुधवार को हुए एक भयावह रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास दो तेज रफ्तार ट्रेनों की आमने–सामने टक्कर हो गई, जिसमें अब तक कम से कम 39 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मलबे से और शव मिलने पर मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन उससे टकरा गई। दोनों ट्रेनों में लगभग 500 यात्री सवार थे, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को कॉर्डोबा और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी रेल सेवाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।
स्पेन सरकार ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा, फिलहाल बचाव कार्य प्राथमिकता के साथ जारी है।

