शारदा माता मंदिर चोरी का खुलासा, एक दर्जन वारदातों का पर्दाफाश,विजयराघवगढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद

शारदा माता मंदिर चोरी का खुलासा, एक दर्जन वारदातों का पर्दाफाश,विजयराघवगढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, करीब 12 लाख रुपये का माल बराम
कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए शातिर चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कटनी, सतना, सिवनी और दमोह जिलों में मंदिरों तथा सूने मकानों में चोरी की करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, मंदिरों में उपयोग होने वाले मुकुट-छत्र सहित सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
ताले तोड़कर मंदिर में घुसे थे बदमाश
दिनांक 24-25 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने विजयराघवगढ़ स्थित माता शारदा मंदिर के 6-7 ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था। आरोपियों ने माता शारदा का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट एवं छत्र तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बदमाश मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए थे।
मंदिर की देखरेख करने वाले मुकेश त्रिपाठी की रिपोर्ट पर थाना विजयराघवगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास आने-जाने वाले सभी मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल के आसपास तलाशी और संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 19 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे एक संदिग्ध सफेद कार ग्राम पड़खुरी होते हुए मैहर की ओर जा रही है।
सूचना पर निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। कार में सवार राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू, दोनों निवासी कटनी, से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरोह में बाल अपचारी भी शामिल
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने बाल अपचारी पुत्र तथा साथी आदि उर्फ आदित्य बर्मन, निवासी परसवारा, विजयराघवगढ़ के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आदि बर्मन वर्तमान में चोरी के एक मामले में सिवनी जेल में निरुद्ध है, जबकि बाल अपचारी फरार बताया गया है। पुलिस द्वारा जेल में निरुद्ध आरोपी को सिवनी जेल से लाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक वाहन में सवार होकर चोरी करने के लिए निकलते थे। मौके पर पहुंचने के बाद दो आरोपी ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे, जबकि दो साथी बाहर खड़े रहकर निगरानी करते थे। किसी व्यक्ति के आने की आहट होने पर बाहर मौजूद आरोपी अंदर गए साथियों को सतर्क कर देते थे। गिरोह मुख्य रूप से मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाता था।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में निम्न वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है—
थाना विजयराघवगढ़ अपराध क्रमांक 318/26 — शारदा माता मंदिर से भगवान के छत्र, मुकुट, मंगलसूत्र एवं दानपेटी की नकदी चोरी।
थाना माधवनगर अपराध क्रमांक 616/26 — पिपरौंध स्थित जैन मंदिर की दानपेटी से नकदी चोरी।
थाना बरही अपराध क्रमांक 655/25 — रामजानकी मंदिर से भगवान के मुकुट चोरी।
थाना कुठला, चौकी बिलहरी अपराध क्रमांक 567/26 — हनुमान मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी।
जिला सतना, थाना उचेहरा अपराध क्रमांक 265/26 — राधाकृष्ण मंदिर से भगवान की बांसुरी, सिक्के एवं चांदी का सामान चोरी।
थाना उचेहरा अपराध क्रमांक 284/26 — ग्राम पतिहट स्थित सत्य माता मंदिर से छत्र, मुकुट आदि चोरी।
थाना विजयराघवगढ़ अपराध क्रमांक 103/26 — ग्राम जिवारा में सूने मकान में चोरी।
थाना एनकेजे अपराध क्रमांक 125/26 — ग्राम सरसवाही में सूने मकान में चोरी।
थाना एनकेजे अपराध क्रमांक 211/26 — शनि मंदिर के पास स्थित सूने मकान में चोरी।
इसके अलावा आरोपियों ने जिला सिवनी के थाना बंडोल क्षेत्र स्थित मंदिर तथा जिला दमोह के एक मंदिर में भी चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के भी खुलासा होने की संभावना है।
लाखों का माल बरामद
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—चांदी के तीन त्रिकोणाकार मुकुट,चांदी के दो गोलाकार छत्र,चांदी का एक त्रिकोणाकार मुकुट,चांदी का कमरबंद,चांदी की दो चूड़ियां,चांदी की दो जोड़ी पायल,चांदी की दो पतली पायल,चांदी की छह बिछिया,सोने का लॉकेट,सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 36 अपराध, राजनंदनी साहू के विरुद्ध 9 अपराध तथा आदि उर्फ आदित्य बर्मन के विरुद्ध 9 अपराध पंजीबद्ध हैं।
ये आरोपी गिरफ्तार
राजा उर्फ मोहन साहू, पिता स्व. गोपाल साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी प्रेमनगर, तिलक कॉलेज क्षेत्र, कटनी — गिरफ्तार।
राजनंदनी साहू, पति राजा उर्फ मोहन साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी प्रेमनगर, तिलक कॉलेज क्षेत्र, कटनी — गिरफ्तार।
आदि उर्फ आदित्य बर्मन — सिवनी जेल में निरुद्ध।
बाल अपचारी — फरार।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस द्वारा विधिवत न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक रामकुमार झारिया, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पू प्रजापति, वाहन चालक प्रधान आरक्षक मज्जू कोल, मुखबिर एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, उमरियापान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, बिलहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय केवट सहित पुलिस बल का सहयोग रहा।








