सेवा संकल्प बाइक यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंची, जगह-जगह हुआ स्वागत, स्वच्छता अभियान,लाभार्थी संवाद का हुआ आयोजन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब की सेवा कार्यक्रम से विकसित भारत का लक्ष्य आसान होगा:- संजय पाठक
कटनी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी के लिए निकली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुक्रवार सुबह 12 बजे विजयराघवगढ़ पहुंची। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी, यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में विधानसभा के भैंसवाही ग्राम में क्षेत्रिय विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के साथ कार्यकर्ताओं ने पटाखों की लड़ी जलाकर ढोल नगाड़ों के बीच पुष्प वर्षा करते हुए भव्य स्वागत किया।
इसके बाद यात्रा का जगह-जगह फूल बरसाकर बाइक सवारों का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। ग्राम हरदुआ कला में भारतीय सेना के जवान रहे अमर शहीद प्रदीप पटैल के निवास पर जाकर सभी अतिथियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की एवं परिवार से मुलाकात की।
इसके पश्चात् स्वतंत्रता संग्राम के प्रत्यक्ष गवाह विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले पर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, सांसद वीडी शर्मा, विधायक संजय पाठक, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बरम बाबा की पूजा करने के पश्चात स्वच्छता अभियान चलाते हुए परिसर को स्वच्छ किया ।
इसके पश्चात् कैमोर में आयोजित लाभार्थी और युवा संवाद कार्यक्रम कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ जारी है। इसका मकसद सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है और केंद्र-प्रदेश सरकार की समाज के विभिन्न वर्गों के लिए चल रही योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही जनसेवा का मकसद है।
अभियान के तहत सभी जगह शिविर लग रहे हैं, जहां योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया का मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गरीबो के लिए काम करने वाले ईश्वर के दूत है श्री मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला, स्वच्छता अभियान के अंतर्गत इज्जत घर रूपी शौचालय का निर्माण हुआ , घर-घर नल से जल पहुंच रहा है का मोदी सरकार के 25 वर्षों के विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
कैमोर के बापू की वाटिका में सेवा यात्रियों सहित कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण अभियान में पौधें लगाए। यह बाइक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को सेवा, स्वच्छता और पौधरोपण जैसी गतिविधियों से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, विधायक संजय पाठक,भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री मनीषदेव मिश्रा, मृदुल मिश्रा, पारस जैन,नगर परिषद अध्यक्ष पलक ग्रोवर, राजेश्वरी दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान,सुनीता दाहिया, राजेश पटेल, संतोष केवट, हरिओम बर्मन सहित पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
