Saturday, April 25, 2026
Latest:
FEATUREDLatestमध्यप्रदेशराष्ट्रीय

पश्चिम मध्य रेलवे की RPF ने दिखाई फुर्ती, CEIR पोर्टल से ट्रेस कर मोबाइल किया बरामद

जबलपुर ।पश्चिम मध्य रेलवे की RPF ने दिखाई फुर्ती, CEIR पोर्टल से ट्रेस कर मोबाइल किया बरामद। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा और उनकी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार नवाचारों को अपनाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल ने हाल ही में दूरसंचार विभाग के सहयोग से पूरे देश में सीईआईआर पोर्टल को लागू किया है।

यह पोर्टल चोरी या खोए हुए मोबाइल फोन को आईएमईआई नंबर के माध्यम से ब्लॉक, ट्रैक व रिकवर करने में मदद करता है। इसका उद्देश्य मोबाइल चोरी रोकने के साथ-साथ ऐसे उपकरणों की अवैध बिक्री को नियंत्रित करना भी है।

इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भोपाल मंडल की साइबर सेल ने पहली बार दूरसंचार विभाग के ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर)’ पोर्टल के माध्यम से चोरी हुआ मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ढूंढ़ निकाला और यात्री को लौटाकर एक सराहनीय पहल की है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 25 अप्रैल 2025 को शिकायतकर्ता श्री मुरु द्वारा इटारसी स्टेशन पर यात्रा के दौरान उनका मोबाइल चोरी होने की जानकारी “रेल मदद” पोर्टल पर दी। यात्री ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई, बावजूद इसके आरपीएफ साइबर सेल द्वारा शिकायत का निपटान किया गया।साइबर सेल, भोपाल ने निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ब्लॉक किया, ताकी वह उपयोग में नहीं लाया जा सके।

दिनांक 26 अप्रैल को मोबाइल को भोपाल क्षेत्र में ट्रेस किया गया, और जांच में पता चला कि यह श्री प्रवीन नामक व्यक्ति के पास है। संबंधित व्यक्ति को संपर्क कर मोबाइल निकटतम आरपीएफ पोस्ट पर जमा कराने के लिए कहा गया, और उन्होंने 30 अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट – रानी कमलापति में मोबाइल जमा कर दिया।

यह पहला मौका है जब भोपाल मंडल में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से एक यात्री की खोई हुई संपत्ति को इतनी दक्षता और पारदर्शिता के साथ बरामद कर लौटाया गया है। इस पहल से यात्रियों के बीच भरोसा और रेलवे की छवि दोनों मजबूत होती है।
इस प्रयास के माध्यम से रेल यात्री अब रेल मदद, 139 हेल्पलाइन या आरपीएफ से सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बिना एफआईआर के भी, सीईआईआर के ज़रिए मोबाइल की रिकवरी की जा सकती है। पश्चिम मध्य रेल की यह सफलता यह दर्शाती है कि अब डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी दक्षता से लैस रेलवे प्रशासन यात्रियों को न केवल बेहतर सेवा दे रहा है, बल्कि उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी सजग और सक्रिय है।

पश्चिम मध्य रेलवे की RPF ने दिखाई फुर्ती, CEIR पोर्टल से ट्रेस कर मोबाइल किया बरामद

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि