जबलपुर: टहलने निकलीं कटनी के स्कूल की रिटायर्ड शिक्षिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, बंधक बनाए जाने की आशंका से हड़कंप

जबलपुर: टहलने निकलीं कटनी के स्कूल की रिटायर्ड शिक्षिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, बंधक बनाए जाने की आशंका से हड़कंप
जबलपुर : थाना घमापुर क्षेत्र के नेहरू वार्ड, सीएमएस कंपाउंड स्थित कांचघर से 85 वर्षीया सेवानिवृत्त शिक्षिका के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लापता वृद्धा कटनी स्थित कुन्दनदास विद्यालय की पूर्व शिक्षिका बताई जा रही हैं। परिजनों द्वारा अपहरण और अवैध रूप से बंधक बनाकर रखे जाने की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाम को टहलने के दौरान घटी घटना
पुलिस एफआईआर के अनुसार, सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी (PWD) कर्मचारी प्रतिभा जेम्स ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी 85 वर्षीया मां विध्यावति पीटर (मिसेज पीटर) 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे घर से टहलने निकली थीं। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर पीड़िता की बेटी ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मां को बंदी बनाकर या छुपाकर रखा हुआ है।
गुमशुदा महिला का हुलिया:
- नाम: मिसेज विध्यावति पीटर (उम्र ~85 वर्ष)
- पहचान/पृष्ठभूमि: कटनी के कुन्दनदास विद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिका
- शारीरिक बनावट: रंग गोरा, चेहरा गोल, कद लगभग 4 फीट
- पहनावा: साड़ी के ऊपर शॉल ओढ़े हुए, कानों में सोने की बाली
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले की गंभीरता को देखते हुए घमापुर पुलिस थाना ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध क्रमांक 0622/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) घासी राम उइके को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वृद्धा की तलाश में जुटी हुई है। महिला के मिलने पर प्रतिभा जेम्स 6264948090 पर संर्पक करें







