चलती स्कूल वैन से गिरकर मासूम छात्र का करुण अंत, विजयराघवगढ़ के आज़ाद चौक में दर्दनाक हादसा, गुस्साए परिजनों और आक्रोशित नागरिकों ने किया चक्काजाम
चलती स्कूल वैन से गिरकर मासूम छात्र का करुण अंत, विजयराघवगढ़ के आज़ाद चौक में दर्दनाक हादसा, गुस्साए परिजनों और आक्रोशित नागरिकों ने किया चक्काजाम
कटनी (YASHBHARAT.COM)। आज सुबह लगभग 11 बजे स्कूली बच्चों को लापरवाही पूर्वक लेकर जा रही एक स्कूली वैन से एक 6 – 7 वर्षीय मासूम छात्र का मौके पर ही करुण अंत हो गया। छात्र टीकर ग्राम के किसी परिवार का दीपक था जो हमेशा के लिए बुझ गया। हादसे के बाद से नागरिकों में आक्रोश है। बिलख रहे परिजनों के साथ मिलकर नागरिकों ने आज़ाद चौक में चक्काजाम कर दिया है। थाना प्रभारी सहित प्रशानिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास करे। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वारका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र जीत यादव (10) सुबह वैन में सवार होकर स्कूल जा रहा था। जैसे ही वैन विजयराघवगढ़ में नदी पार पानी की टंकी के पास पहुंची, छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में वाहन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक चोट आने के कारण थोड़ी ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
जनाक्रोश चरम पर, भारी पुलिस बल मुस्तैद
घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। घटना से गुस्साए स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने आजाद चौक विजयराघवगढ़ पर एकत्र होकर सड़क जाम (चक्काजाम) कर दिया और स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
क्षेत्र में तनाव बढ़ता देख स्थिति को नियंत्रित करने और आवागमन बहाल कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देने में जुटे हैं।








