कटनी(YASHBHARAT.COM)। मध्य प्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला कटनी के चयनित वृंदावन ग्रामों के पात्र पशुपालकों को उत्कृष्ट पशुपालन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला कटनी के अंतर्गत ग्राम जरवाही, बरन महगवां, बोहरीबंद एवं दशरमन में योजना के क्रियान्वयन हेतु विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही की जाएगी। संबंधित ग्रामों के पात्र पशुपालकों से योजना में सहभागिता करने की अपील की गई है।
देशी गौवंश की नस्लों के बीच दुग्ध उत्पादन प्रतिस्पर्धा
योजना के अंतर्गत देशी गौवंश की उन्नत नस्लों की गायों के पशुपालकों के बीच दुग्ध उत्पादन की प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसमें साहीवाल, गिर, थारपारकर, हरियाणा, मालवी एवं निमाड़ी जैसी देशी गौवंश नस्लों की गायों को शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य देशी गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन, उन्नत नस्लों के पालन को बढ़ावा देना तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है। निर्धारित विभागीय मापदंडों के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस प्रकार रहेगी पुरस्कार राशि
1-प्रथम पुरस्कार:- 1 लाख रुपए।
2- द्वितीय पुरस्कार:- 50 हजार रुपए।
3- तृतीय पुरस्कार:- 25 हजार रुपए।
पुरस्कारों का वितरण निर्धारित पात्रता एवं विभागीय मापदंडों के अनुसार किया जाएगा।
विभाग की पशुपालकों से अपील
जिला पशुपालन एवं डेयरी विभाग, कटनी द्वारा संबंधित ग्रामों के पशुपालकों से अपील की गई है कि वे योजना में सहभागिता के लिए अपने क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा निकटतम पशु चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें।
इस संबंध में डॉ. नीता मनोचा, उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला कटनी के मार्गदर्शन में पशुपालकों को योजना की जानकारी एवं आवश्यक विभागीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि:- 28 अक्टूबर 2026।












