दिल्ली के सरकारी स्कूल में खौफनाक वारदात: 12वीं की छात्रा ने बैग में पेट्रोल लाकर खुद को लगाई आग, 3 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी स्कूल से बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा ने स्कूल परिसर के अंदर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है।
बैग में बोतल में भरकर पेट्रोल लाई थी छात्रा
दिल्ली पुलिस को शुरुआत में सूचना मिली थी कि कृष्णा नगर के सरकारी स्कूल परिसर में आग लग गई है। जब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, तो गार्ड रूम के पीछे वाले हिस्से में छात्रा बुरी तरह जली हुई हालत में मिली। जांच में सामने आया कि छात्रा सुबह अपने स्कूल बैग के अंदर बोतल में पेट्रोल छुपाकर लाई थी।
सुसाइड नोट में बॉयफ्रेंड का जिक्र
घटनास्थल की गहन जांच के बाद पुलिस को 3 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके द्वारा किसी दूसरी लड़की से बात करने का जिक्र किया है, जिससे वह काफी परेशान थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक (FSL) टीम से मौके की जांच करवाई गई है।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस खौफनाक कदम के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि कोई छात्रा बैग में पेट्रोल जैसी ज्वलनशील वस्तु लेकर स्कूल के अंदर तक कैसे पहुंच गई? क्या स्कूल के मेन गेट पर बच्चों के बैग और सामान की नियमित चेकिंग नहीं होती? फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।













