Site icon Yashbharat.com

Rajyasabha Election 2024: मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

rajyasbha election

Rajyasabha Election 2024: मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित । मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तस्‍वीर साफ हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। रिटर्निंग आफिसर द्वारा भाजपा के एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया, बंशीलाल गुर्जर और कांग्रेस के अशोक सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।

गौरतलब है भाजपा ने 14 फरवरी को राज्‍यसभा प्रत्‍याशी के नामों की घोषणा की थी। साथ ही इसी दिन कांग्रेस ने भी अशोक सिंह को प्रत्याशी बनाया था। बाद में प्रत्याशियों ने 15 फरवरी को नामांकन दाखिल किया था। वहीं भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के विरोध में कोई भी प्रत्याशी खड़ा नहीं हुआ है, ऐसे में ये सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।

भाजपा ने इन्हें बनाया प्रत्याशी

भाजपा प्रत्‍याशी उज्जैन के उमेश नाथ महाराज वाल्मीकि समाज से आते हैं। उन्‍होंने छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों की समाप्ति के लिए उन्होंने कार्य किया है। इसी तरह तमिलनाडु के डा. एल मुरुगन केंद्रीय मंत्री हैं, उन्हें पूर्व में भी संगठन ने अवसर दिया। वे बड़े कद के हैं। उन्हें पुन: अवसर दिया गया है। मध्यप्रदेश से एक अन्य प्रत्याशी बंसीलाल गुर्जर का चयन हुआ है, जो मंडी सहित स्थानीय निकायों से जुड़े रहे हैं। वे किसान वर्ग के लिए भी आवाज उठाते रहे हैं। महिला मोर्चा संगठन से जुड़ी रही ओबीसी नेता नर्मदापुरम निवासी माया नरोलिया भी प्रत्याशियों में शामिल हैं।

कांग्रेस की ओर से सिर्फ एक नाम

कांग्रेस ने अशोक सिंह को प्रत्याशी बनाया है। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने अशोक सिंह चार बार उम्मीदवारी कर चुके हैं लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी थी। 2007 के लोकसभा उपचुनाव में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे अशोक सिंह को भाजपा की यशोधरा राजे सिंधिया ने 35 हजार वोट से हराया था।

Exit mobile version