कटनी। कोविड की दूसरी लहर के चलते ट्रैक से दूर हो गई यात्रियों की सस्ती ट्रेन सेवा पैसेंजर के स्थान पर अब मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) चलेगी।
रेलवे बोर्ड ने जारी किया टाइमटेबल
8 कोच वाली मेमू ट्रेनों में 650 यात्री सीट पर बैठकर कर सकेंगे यात्रा
पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के जबलपुर रेल मंडल को तीन रैक मेमू के मिले हैं। पैसेंजर ट्रेनों की टाइमिंग पर ये सभी मेमू ट्रेनें 8 अगस्त रविवार से शुरू होंगी। इटारसी से जबलपुर, कटनी, सतना होते हुए मानिकपुर के बीच इसका संचालन किया जाएगा। वहीं बीना से कटनी के बीच संचालित मेमू की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। मेमू के संचालन के साथ ही स्टेशन पर जनरल टिकटों की बिक्री भी शुरू की जा रही है। रेलवे के मुताबिक बीना-कटनी-बीना, सतना-मानिकपुर-सतना दो फेरा, इटारसी-कटनी-इटारसी, कटनी-सतना-कटनी के बीच मेमू ट्रेन का संचालन पैसेंजर के स्थान पर शुरू किया जा रहा है। रैक का शेड बीना में बनाया गया है।
इसके चलते मेमू का इस तरह से संचालन तय किया गया कि मेमू का रैक बीना तक जा सके। मेमू पूरी तरह से अनारक्षित होगी और सभी स्टेशनों पर इसके स्टॉपेज दिए गए हैं। रेलवे ने 8 कोच (6 ट्रेलर कोच और 2 मोटर कोच) के साथ मेमू का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है।
ड्राइविंग कोच में 55 सीट तो ट्रेलर वाले में 84 सीट होती है। 8 कोच वाले मेमू में 650 यात्री सीट पर बैठकर यात्रा कर सकेंगे। हालांकि इसमें खड़े होकर भी यात्रा कर सकते हैं।
अत्याधुनिक फीचर से लैस होगी मेमू
रेलवे के मुताबिक मेमू के सभी कोच में अत्याधुनिक हैं। इसमें आईजीबीटी आधारित प्रदूषण प्रणाली, ऑडियो और डिजिटल डिस्प्ले, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली अंदर व बाहर लगा गई है। इससे यात्रियों को पता चलता रहेगा कि अगला स्टेशन कौन सा आने वाला है। सभी कोच सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे। ड्राइवर कैब एसी दिया गया है। वहीं हर कोच में बायो टॉयलेट दिया गया है। यात्रियों को 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली मेमू में सफर का दोगुना आनंद आएगा।
सुरक्षा फीचर्स से भी लैस रहेगी मेमू
मेमू थ्री फेस टेक्नोलॉजी बेस पर होगी। इसमें जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे और अलार्म चेन के पास पुश बटन होगा। ड्राइविंग कैब एयरकंडीशन वाला होगा। कोच की हर गतिविधि ड्राइविंग कैब में बैठकर देखा जा सकेगा। साफ.-सफाई की उत्तम व्यवस्था रहेगी। इसके विंडो बड़े आकार के होंगे। यह जल्द रफ्तार पकडऩे के साथ जल्दी रुक भी सकती है।
बीना-कटनी-बीना मेमू
कटनी-बीना-कटनी के बीच मेमू ट्रेन का नंबर 06621/06622 होगा। यह ट्रेन बीना से सुबह 5 बजे रवाना होते हुए सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर कटनी पहुंचेगी। वहीं कटनी से दोपहर 12 बजे रवाना होकर शाम 6 बजकर 30 मिनट पर बीना पहुंचेगी। कटनी से बीना के बीच में यह ट्रेन 30 स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
सतना-मानिकपुर-सतना दो फेरा लगाएगी मेमू
सतना-मानिकपुर-सतना के बीच मेमू ट्रेन प्रतिदिन दो फेरा लगाएगी। इसके नंबर क्रमश: 06635/06636/06637/06638 होगा। जिसमें पहले फेरे की मेमू ट्रेन सतना से सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर रवाना होकर सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर मानिकपुर पहुंचेगी। वहां से सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर रवाना होकर सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर सतना पहुंचेगी।
वहीं दूसरी बार शाम 4 बजे सतना से रवाना होकर रात 6 बजकर 50 मिनट पर मानिकपुर पहुंचेगी। वहां से रात 7 बजकर 25 मिनट पर रवाना होकर रात 9 बजकर 25 मिनट पर सतना पहुंचेगी।
सतना-कटनी-सतना मेमू
सतना-कटनी-सतना के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन का नंबर 06625/06626 होगा। यह ट्रेन सतना से दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर रवाना होकर दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर कटनी पहुंचेगी। कटनी से दोपहर 2 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर सतना पहुंचेगी।
इटारसी-कटनी-इटारसी मेमू
इटारसी-कटनी-इटारसी के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन का नंबर 06619/06620 होगा। यह ट्रेन इटारसी से सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर जबलपुर और सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर कटनी पहुंचेगी। वहीं कटनी से दोपहर 2 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर जबलपुर और रात 9 बजकर 50 मिनट पर इटारसी पहुंचेगी।
जबलपुर-कटनी-सिंगरौली के बीच भी चलेगी मेमू
वहीं रेल सूत्रों की माने तो इटारसी-जबलपुर-कटनी-सतना-मानिकपुर के बीच मेमू ट्रेनों का परिचालन करने के साथ ही रेलवे के द्धारा जबलपुर-कटनी साउथ-सिंगरौली व रीवा-मानिकपुर के बीच भी मेमू ट्रेन का परिचालन करेगा।
गौरतलब है कि जबलपुर-कटनी-सिंगरौली मार्ग पर पहले इंटरसिटी चलती थी लेकिन ये बंद है। मेमू चलाने से इस रूट पर भी फायदा मिलेगा। वहीं रीवा-मानिकपुर मार्ग पर सतना होकर भी मेमू चलाई जा सकती है। इस रूट पर भी बड़ी संख्या में पैसेंजर निकलते हैं।
