रतलाम में प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया ने जहर खाकर की खुदकुशी, 25 दिन में दूसरी वारदात

रतलाम में प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया ने जहर खाकर की खुदकुशी, 25 दिन में दूसरी वारदात

रतलाम। मानक चौक थाना क्षेत्र के नागरवास निवासी 50 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया (पिता समीरमल गादिया) की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने शनिवार रात सैलाना बायपास स्थित हरियाली ढाबे पर संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया था।

परिजनों को फोन कर दी थी सूचना

सैलाना पुलिस के मुताबिक, मनोज गादिया शनिवार रात करीब 11 बजे हरियाली ढाबे पहुंचे थे। जहर खाने के बाद उन्होंने खुद अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और बताया कि वे सैलाना के एक ढाबे पर हैं। परिजनों ने तुरंत पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद आरक्षक तूफान भूरिया पुलिस टीम के साथ सैलाना क्षेत्र के ढाबों पर तलाश में निकले। हरियाली ढाबे पर मिलने के बाद पुलिस उन्हें डायल-112 वाहन से पहले सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, सुसाइड नोट नहीं मिला

मेडिकल कॉलेज में रविवार सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान मनोज गादिया ने दम तोड़ दिया। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और परिजन भी इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। मृतक के परिवार में एक बेटा प्रहर्ष और एक छोटी बहन हैं।

रतलाम में 25 दिनों के भीतर दूसरी बड़ी घटना

शहर में इस तरह की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे पहले 11 अगस्त की रात सराफा व्यापारी और चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वैलर्स के संचालक रवि मोठिया ने शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर एक होटल का कमरा बुक कर जहर खा लिया था। उस घटना के महज 25 दिनों बाद प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया की मौत से स्थानीय व्यापारी वर्ग और शहर में सनसनी फैल गई है।

Exit mobile version