कटनी। तिलक महाविद्यालय में जल संरक्षण पर पोस्टर व नारा लेखन प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता संदेश। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर पोस्टर मेकिंग और नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई, जिला संगठक एनएसएस डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
तिलक महाविद्यालय में जल संरक्षण पर पोस्टर व नारा लेखन प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नदियों, तालाबों, बावड़ियों जैसे जल स्रोतों का संरक्षण, पुनर्जीवन और स्वच्छता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “जल बचाओ, वृक्ष लगाओ” जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक पोस्टर और नारे तैयार कर लोगों को जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
प्रतिभागी विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, जल संचयन और उसके महत्व को दर्शाते हुए रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से समाज को संदेश दिया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने कहा कि जल केवल जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि सामाजिक समानता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, डॉ. माधुरी गर्ग ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Related