katniमध्यप्रदेश

स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश, 17 युवक-युवतियां मिले; अनैतिक व्यापार अधिनियम में दो मामले दर्ज

स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश, 17 युवक-युवतियां मिले; अनैतिक व्यापार अधिनियम में दो मामले दर्ज

कटनी। शहर के दो स्पा सेंटरों में पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 17 युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंडोम, वियाग्रा की गोलियां, शराब की बोतलें, 4,500 रुपये नकद सहित डमी ग्राहकों को दिए गए पूर्व-अंकित नोट बरामद किए। मामले में महिला थाना पुलिस ने अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में डीएसपी शिवा पाठक एवं महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने 20 सितंबर को नेचुरल थाई स्पा सेंटर और आवा स्पा सेंटर में कार्रवाई की।

पुलिस ने कार्रवाई से पहले मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों सेंटरों में दो डमी ग्राहकों को भेजा। उन्हें पूर्व-अंकित नोट दिए गए थे। दबिश के दौरान इन नोटों को बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों सेंटरों से कुल 10 युवतियां और 7 युवक मिले। नेचुरल थाई स्पा सेंटर से 5 युवक और 5 युवतियां, जबकि आवा स्पा सेंटर से एक युवक, 5 युवतियां और एक कर्मचारी मिला।

पुलिस के अनुसार, अभिरक्षा में ली गई महिलाओं में उत्तर-पूर्वी राज्यों, हरियाणा, बंगाल, आगरा और मुंबई सहित अन्य स्थानों की महिलाएं शामिल हैं। कुछ बालिकाओं की उम्र 18 वर्ष से कम होने की जानकारी भी सामने आई है। नाबालिगों के संबंध में पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज

नेचुरल थाई स्पा सेंटर की कार्रवाई के आधार पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 61/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 143(4), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5, 6 और 7 में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसमें कविता सिंह निवासी उमरिया, सबा शेख निवासी मुंबई, अंकित पंथी निवासी रंगनाथ नगर, अमरजीत ताम्रकार निवासी बरही, विधान राय निवासी माधवनगर, आनंद रजक निवासी जालपा बोर्ड और अनंत राम वंशकार निवासी स्लीमनाबाद को आरोपी बनाया गया है।

वहीं, आवा स्पा सेंटर के मामले में अपराध क्रमांक 62/26 के तहत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5, 6 और 7 में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसमें रामदयाल विश्वकर्मा निवासी पन्ना, मुकेश यादव निवासी रीठी और समृत लाल मीणा को आरोपी बनाया गया है।

भर्ती और परिवहन के स्रोत की होगी जांच

पुलिस ने बताया कि अभिरक्षा में ली गई बालिकाओं के विस्तृत कथन दर्ज किए जाएंगे। यह पता लगाया जाएगा कि उनसे किसने संपर्क किया और वे स्पा सेंटर तक किस माध्यम से पहुंचीं। बाहरी राज्यों से महिलाओं की भर्ती और उनके परिवहन के स्रोत की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में डीएसपी शिवा पाठक, महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के साथ उप निरीक्षक मानसिंह मार्को, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र दहिया, सुनील वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रमोद गौतम, आरक्षक सुनीता सिंह, रोशनी सिंह, पूनम परते, आरती तिवारी तथा अजाक थाना की महिला आरक्षक एकता कारोलिया, सौम्या मिश्रा और पूजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button