Latest

शहीदों की याद में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस, श्रद्धासुमन किये गये अर्पित

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कर्तव्यपथ पर प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आज 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन झिझरी स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धाजलि कार्यकम शोक परेड (पुलिस स्मृति दिवस) आयोजित की गई । कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा सभी शहीद पुलिसकर्मियों के नाम का वाचन कर अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी(मुख्यालय) उमराव सिंह एवं रक्षित निरीक्षक श्रीमती संध्या राजपूत सहित जिले के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समस्त उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित किये गये।उल्लेखनीय है कि लद्दाख स्थित हॉट स्प्रिंग की यात्रा देश के प्रत्येक पुलिस कर्मचारियों के लिए तीर्थ है। भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के उप पुलिस अधीक्षक करम सिंह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के उनके 20 सहयोगी 21 अक्टूबर 1959 को अन्य दिन की तरह हॉट स्प्रिंग जो कि समुद्र तल से 4681 मीटर स्थित है भारतीय सीमा पर गश्त पर थे। तभी चीनी सैनिकों ने पहाड़ी की चोटी से भारतीय गश्ती दल पर हमला बोला। जिसमें 11 वीर सपूत शहीद हुए व अन्य को कैदी बना लिया गया। समूचे भारत की पुलिस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाती है एवं सभी पुलिस इकाईयाँ उस वर्ष शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद करते हैं।कार्यक्रम के अंत में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को साल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया तथा उनके प्रति पुलिस विभाग ने कृतज्ञता एवं गर्व की भावना व्यक्त की। परेड कमांडर सूबेदार संजीव रावत रहे ।

Back to top button