भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष का अपहरण कर मारपीट, शिकायत मिलते ही एक्शन में पुलिस
भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष का अपहरण कर मारपीट, शिकायत मिलते ही एक्शन में पुलिसकटनी। कोतवाली के कचहरी चौक क्षेत्र से बीतीरात एक युवक का अपहरण कर मारपीट की घटना प्रकाश में आई है। मारपीट का शिकार हुए युवक के द्धारा अपहरण व मारपीट करने की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस पीडि़त की शिकायत पर आरोपी युवकों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कैलवाराखुर्द निवासी एवं मंडल उपाध्यक्ष भाजपा प्रहलाद कोरी का जमीनी विवाद को लेकर अमित पांडे, सुशील कोरी, कमलेश कोरी सहित लगभग एक दर्जन युवकों ने बीतीरात कचहरी चौक के पास से अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे बाबा घाट क्षेत्र ले गए। जहां उसके साथ कपड़े उतार कर बेल्ट से जमकर मारपीट की गई। बताया जाता है कि कैलवाराखुर्द से लगे खरखरी ग्राम में सड़क किनारे स्थित किसी जमीन को लेकर विवाद था। जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। कोतवाली प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया है और घटना को अंजाम देने वाले लोगों के विरूद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

