33 वर्ष की शासकीय सेवा के बाद हेमलता सिंह सेवानिवृत्त, महाविद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदाई
33 वर्ष की शासकीय सेवा के बाद हेमलता सिंह सेवानिवृत्त, महाविद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदा
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्रयोगशाला तकनीशियन के पद पर पदस्थ श्रीमती हेमलता सिंह के 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीमती सिंह के परिजन सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय परिवार ने श्रीमती हेमलता सिंह के 33 वर्ष के सेवाकाल एवं उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने श्रीमती सिंह को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भावी जीवन की कामना की। उन्होंने श्रीमती सिंह के सरल, सहयोगी एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से किया। उनका सहयोग एवं सेवाभाव महाविद्यालय परिवार सदैव याद रखेगा।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं महाविद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती सिंह को अभिनंदन पत्र, स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रोशनी पाण्डेय ने भी उनके प्रयोगशाला संबंधी कार्यों एवं सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से विभाग को उनकी कमी महसूस होगी।
श्रीमती हेमलता सिंह ने अपने संबोधन में सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के सहयोग और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार के साथ बिताया समय उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में सदैव बना रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजयकांत भारद्वाज ने किया। अंत में डॉ. रोशनी पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम भावपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








