Site icon Yashbharat.com

PNB घोटालाः बैंक MD ने कहा- फ्रॉड करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

serach

नई दिल्ली। देश की दूसरी बड़ी सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के साथ 11,400 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखा।

बैंक के प्रबंध निदेशन सुनील मेहता ने कहा कि बैंक पूरी तरह साफ बैकिंग के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक ने 2011 से चले आ रहे घोटाले पर खुद संज्ञान लेकर सभी पक्षों को सूचना दी, यह बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मेहता ने यह भी कहा कि फ्रॉड करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैंक ने इसकी पूरी जानकारी शेयर बाजार नियामक सेबी के साथ भी साझा की है।

मेहता ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि बैंक अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहा है और इस समस्या ने निपटने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बैंकिंग कैंसर को पूरी तरह खत्म करेंगे। पीएनबी ने इस मामले में कुछ कर्मचारियों को सस्पेंड करने की भी पुष्टि की।

माना जा रहा है कि घोटाले के तार भी रत्न व आभूषण के प्रसिद्ध कारोबारी नीरव मोदी से जुड़े हुए हैं, जिनके खिलाफ पीएनबी ने एक पखवाड़े पहले 280 करोड़ रुपए के फ्रॉड का आरोप लगाते हुए जांच सीबीआई को सौंपी थी। प्रवर्तन निदेशालय ने सीबीआई की एफआईआर के आधार पर नीरव मोदी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीएनबी की बैंक गारंटी पर छह बैंकों ने कर्ज दिया। इनमें यूनियन बैंक ने 2300 करोड़ रुपए, इलाहाबाद बैंक ने 2000 करोड़ रुपए, भारतीय स्टेट बैंक ने 960 करोड़ रुपए का कर्ज दिया था। साथ ही केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा भी इसमें शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर ईडी ने गीतांजली जेम्स के ऑफिस पर छापेमारी की है। जिन पीएनबी अधिकारियों को सस्पेंड किया है उनके घर पर भी छापा मारा गया है।

Exit mobile version