देररात डीजे बजाना पड़ा मंहगा, दिव्यांचल मैरिज गार्डन में पुलिस की कार्रवाई
कटनी(YASH BHARAT.COM)। जिला प्रशासन द्वारा ध्वनि प्रदूषण और देर रात लाउडस्पीकर बजाने पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ माधवनगर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार की रात दिव्यांचल मैरिज गार्डन में नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए पाए जाने पर पुलिस ने जब्ती और प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार दिव्यांचल मैरिज गार्डन में शुक्रवार की देर रात करीब 12:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दिव्यांचल मैरिज गार्डन में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बज रहा है, जिससे आस-पास के रहवासियों को भारी असुविधा हो रही है। सूचना मिलते ही सउनि बहाव खान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने पाया कि माननीय जिला दंडाधिकारी के आदेशों की अवहेलना करते हुए देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 250 वाट का एक आहूजा स्पीकर बॉक्स और नेशनल मेहता कंपनी का एक एम्प्लिफायर जब्त कर लिया है। पुलिस ने डीजे जब्त करते हुए आरोपी कालू झामनानी (37 वर्ष), निवासी कैरिन लाइन, माधवनगर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी) एवं 15 म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।