राज्य सरकार के निर्देश पर स्मार्ट मीटर के फायदे बताने 12 से 24 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाएगी विद्युत वितरण कंपनी

भोपाल(YASH BHARAT.COM)। राज्य शासन के निर्देश पर पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर सहित प्रदेश के सभी जिलों में 12 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों के द्वारा स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान बिजली उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ, त्रुटिरहित व त्वरित बिलिंग सेवा, ऊर्जा ऐप पर स्मार्ट मीटर की लाइव जानकारी सहित विभिन्न सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को पावर फैक्टर में छूट, सौर ऊर्जा गणना में स्मार्ट मीटर से होने वाली बचत तथा दिन के समय बिजली खपत के लिए टीओडी (टाइम ऑफ डे) गणना जैसी जानकारियां दी जाएंगी।अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के साथ लगाए गए चेक मीटर से संबंधित रिपोर्ट की जानकारी भी दी जाएगी, जिसमें दोनों मीटरों में खपत का स्तर समान दर्ज होने की पुष्टि की जाएगी। इसके अलावा कंपनी द्वारा शिविर, कार्यशालाएं, शिकायत निवारण, तकनीकी जानकारी हेतु विशेष सत्र और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य आम लोगों को स्मार्ट मीटर के फायदों से अवगत कराना, भ्रांतियां दूर करना और उपभोक्ताओं की बिजली सेवाओं के प्रति संतुष्टि बढ़ाना है।
उद्योगों को मिली 1200 करोड़ की छूट
बिजली वितरण कंपनी द्वारा औद्योगिक और उच्चदाब उपभोक्ताओं को नियम अनुसार प्रति माह, प्रति बिल निर्धारित छूट (रिबेट) दी जा रही है। बीते 12 महीनों में नए कनेक्शन पर छूट, कैपेसिटी छूट, इंक्रीमेंटल छूट, टीओडी छूट, पावर फैक्टर छूट, सब्सिडी, प्रॉम्प्ट पेमेंट और ग्रीन फील्ड छूट मिलाकर कुल 1200 करोड़ रुपये की छूट प्रदान की गई है। इसका उद्देश्य उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार और विकास के अवसर बढ़ाना है।








