NIA Raid Jabalpur से बड़ी खबर है। यहां NIA की टीम ने शुक्रवार देर रात हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के साथी मकसूद कबाड़ी और आहद उल्ला अंसारी के घर पहुंचकर जांच की। टीम के साथ स्थानीय पुलिस अफसर भी मौजूद हैं। माैके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने बड़ी ओमती क्षेत्र को सील कर दिया है।
सात जगहों पर मारे गए छापे
एनआईए की टीम ने इस दौरान सात जगहों पर छापे मारे हैं, जिसमें चार चार स्थान ओमती में है, दो गोहलपुर, और सिविल लाइंस शामिल है। मालूम हो कि केंद्रीय दल ने प्रदेश में पूर्व में हुई कार्रवाई से मिले इनपुट के आधार पर छापे मारे हैं। छापे के दौरान जांच दल को मौके से आपत्तिजनक साहित्य और हथियार मिलने की जानकारी सामने आई है।
काफी मशक्कत के बाद खुला दरवाजा
छोटी ओमती निवासी अधिवक्ता आहद उल्ला अंसारी के घर जब टीम पहुंची तो अंसारी के बेटे ने केंद्रीय दल को देखकर दरवाजे बंद कर लिए। टीम ने दरवाजा तोड़ने, काटने की तैयारी कर ली थी। काफी मशक्कत के बाद भीतर से दरवाजा खोला गया। मिल रही जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम को शुक्रवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की सूचना मिल गई थी। पुलिस की टीम को सिर्फ इतना बताया गया था कि कोई बड़ी कार्रवाई होने वाली है।
एनआईए ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
मालूम हो कि एनआईए की टीम ओमती के सिंधी मोहल्ला भी पहुंची और यहां कुछ घरों में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने यहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अब्दुल रज्जाक के आवास पर मिला था हथियारों का जखीरा
मालूम हो कि कुछ दिन पहले ही पुलिस ने अब्दुल रज्जाक के आवास पर दबिश दी थी। जहां बड़ी संख्या में हथियारों का जखीरा मिला था। इस दौरान अब्दुल रज्जक और उसके भतीजे मोहम्मद शहबाज को गिरफ्तार कर घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान 12 बोर की पंप एक्सन गन, 12 बोर की दोनाली बंदूक, 315 बोर की रायफल, एक स्पोटिंग, 315 बोर की एक, 0.22 बोर की अमेरिकन रायफल, इटली की रायफल के अलावा 12 बोर के 8 कारतूस, 315 बोर के 2 कारतूस और 15 बकानुमा चाकू मिले थे।

