NH-727 बेतिया-लौरिया मार्ग पर अनियंत्रित बस ने ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंदा, 5 की मौत; 5 गंभीर घायल
NH-727 बेतिया-लौरिया मार्ग पर अनियंत्रित बस ने ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंदा, 5 की मौत; 5 गंभीर घायल
पश्चिम चंपारण (बिहार) के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
छठिहार समारोह के दौरान हुआ हादसा
-
सड़क किनारे चल रहा था कार्यक्रम: NH-727 के किनारे स्थित धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार (बच्चे के जन्म का उत्सव) समारोह का आयोजन था। घर के बाहर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।
-
सामने से आ रहा था ट्रक: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तरफ से बेतिया की ओर गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि दूसरी तरफ से शाही बस बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार बस सीधे लोगों की भीड़ में जा घुसी।
अस्पताल में 3 और घायलों ने तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना स्थल पर ही 2 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय निवासियों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 3 और लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 5 तक पहुंच गया।
मृतकों की पहचान:
-
संजय महतो
-
भोला दुबे
-
बहादुर महतो
-
देवेंद्र दुबे
-
छांगुर राम
इलाके में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
एक ही गांव के 5 लोगों की असमय मौत से पूरे इलाके और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने NH-727 पर तेज रफ्तार वाहनों के बेकाबू परिचालन पर नाराजगी जाहिर की है।








