नवजोत कौर सिद्धू ने बनाई नई पार्टी: ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ का एलान, कांग्रेस से अलग नई सियासी पारी
नवजोत कौर सिद्धू ने बनाई नई पार्टी: ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ का एलान, कांग्रेस से अलग नई सियासी पारी।निलंबन के बाद लिया बड़ा फैसला, जनता की सेवा और ‘सत्य-प्रेम’ की राजनीति का दावा।
नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई सियासी पारी की शुरुआत करते हुए ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ के गठन का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस से निष्कासन के बाद यह उनका बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू फिलहाल कांग्रेस पार्टी में ही हैं, हालांकि वे भी पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व से दूरी बनाए हुए हैं।
अमृतसर ईस्ट से पूर्व विधायक रहीं नवजोत कौर उस समय विवादों में आई थीं, जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर 500 करोड़ रुपये के लेनदेन का दावा किया था। इस बयान के बाद पार्टी हाईकमान ने पहले उन्हें निलंबित किया और बाद में निष्कासित कर दिया।
इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से भी नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला।
सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नई पार्टी की घोषणा करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था का गहन मूल्यांकन करने के बाद उन्होंने एक राष्ट्रीय विकल्प देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य जनता की सेवा करना और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। साथ ही उन्होंने ‘सत्य और प्रेम’ के मार्ग पर चलने और समान विचारधारा वाले लोगों के साथ मिलकर हर राज्य में न्याय, शांति और सेवा के लक्ष्य के साथ काम करने की बात कही।
नवजोत कौर सिद्धू ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी राज्य को उसकी पुरानी पहचान दिलाने के लिए काम करेगी, जहां प्रेम, साझा संस्कृति, न्याय और स्वतंत्रता की भावना हो। उन्होंने “जनता की, जनता के लिए और जनता द्वारा” सरकार देने का वादा भी दोहराया।

