National Eligibility Cum Entrance Test: इस तारीख को आएंगे नीट के परिणाम
National Eligibility Cum Entrance Test इंदौर । नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 13 सितंबर को हुए नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के परिणाम 12 अक्टूबर को जारी हो सकते हैं। 26 सितंबर को आंसर-की जारी होने के बाद से एनटीए परिणाम तैयार कर रही है। शहर से इस बार करीब 20 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
परीक्षा मैन्युअल होने से एक महीने का समय लग गया। वहीं आइआइटी जेईई मेंस और जेईई एडवांस की परीक्षा ऑनलाइन होने से परिणाम छह दिनों में जारी हो गए थे। इस बार एनटीए ने परीक्षा में पूछे गए प्रत्येक प्रश्न पर चैलेंज करने के लिए एक हजार रुपये शुल्क लिया था। परीक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार कटऑफ हाई जा सकता है।
मिल सकता है एक और मौका
आइआइटी में अपनी एक सीट सुरक्षित करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अपना सपना पूरा करने का एक और मौका मिल सकता है। विशेषज्ञ विजित जैन का कहना है कि कोरोना महामारी के कारण जेईई एडवांस में विद्यार्थियों को एक और मौका देने पर विचार चल रहा है।
अब तक विद्यार्थियों को केवल दो बार जेईई एडवांस देने की अनुमति है लेकिन एक अपवाद के तौर पर आइआइटी उन विद्यार्थियों को एक और मौका देने पर विचार कर रहा है जिन्होंने पंजीकरण कराया लेकिन कोरोना के कारण या तो पेपर नहीं दे पाए या फिर उनका प्रदर्शन खराब रहा। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक जानकारी आना बाकी है।

