MP News : भोपाल । खेल और युवा कल्याण विभाग में कार्यरत 540 तृतीय व चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मियों की 90 फीसद मानदेय की बहुप्रतीक्षित मांग शनिवार को पूरी हो गई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संविदा कर्मियों को नियमित पद का 90 फीसद मानदेय दिए जाने की पहले घोषणा की थी। मप्र शासन के खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। संचालनालय खेल और युवा कल्याण द्वारा कर्मचारियों को दिए जाने वाले 90 फीसद मानदेय के संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इससे अकादमी के 106 और प्रदेश के जिला खेल और युवा कल्याण कार्यालयों में पदस्थ 434 कर्मचारियों को नियमित पद का 90 फीसद मानदेय का लाभ मिलेगा। शासन के इस निर्णय से खेल विभाग में कार्यरत संविदाकर्मियों के मानदेय में करीब 5 से 15 हजार रुपये तक का इजाफा हुआ है।
खेल संचालक वीके सिंह ने बताया कि खेल विभाग में 5 जून 2018 से पूर्व के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत संविदा कर्मियों को शासन के निर्देशानुसार प्रावधानित नियमित पद का 90 फीसद मानदेय का लाभ दिया गया है। इसके आदेश जारी होते ही टीटी नगर स्टेडियम में खुशी की लहर दौड़ गई। संविदाकर्मियों ने एक दूसरे को बधाई देकर मिठाई खिलाई।
