MP पुलिस का आधी रात को महा-एक्शन: रातभर चली ‘कॉम्बिंग गश्त’, मैदान में उतरे 2500 जवान, 2100 से अधिक वारंटी दबोचे
MP पुलिस का आधी रात को महा-एक्शन: रातभर चली ‘कॉम्बिंग गश्त’, मैदान में उतरे 2500 जवान, 2100 से अधिक वारंटी दबोचे।
- अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस का प्रदेशव्यापी विशेष अभियान
- ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और मंदसौर समेत कई जिलों में गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड
- मंदसौर में भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त, गंभीर मामलों के फरार आरोपी भी गिरफ्तार
कटनी। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने बीती रात एक बड़ा धमाका किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एक साथ ‘कॉम्बिंग गश्त’ (विशेष सर्च ऑपरेशन) चलाया गया। देर रात से शुरू होकर सुबह तक चले इस ऑपरेशन में राज्यभर के 2,500 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हथियारों के साथ मुस्तैदी से मैदान में उतरे।
इस प्रदेशव्यापी धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस ने रिकॉर्ड 2,100 से अधिक स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही जिला बदर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और लिस्टेड गुंडों की चेकिंग की गई।
किस जिले में कैसी रही पुलिस की कार्रवाई?
- ग्वालियर: पुलिस ने रातभर जागकर सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 249 फरार वारंटियों (121 स्थायी और 128 गिरफ्तारी वारंट) को सलाखों के पीछे भेजा। साथ ही 303 गुंडों के ठिकानों को खंगाला।
- जबलपुर: अपराधियों की धरपकड़ करते हुए जबलपुर पुलिस की टीमों ने कुल 191 वारंट (120 स्थाई और 71 गिरफ्तारी वारंट) तामील कराए।
- टीकमगढ़ (मेगा ऑपरेशन): यहाँ दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत कुल 467 वारंट तामील किए गए, जिसमें सघन वाहन चेकिंग भी शामिल रही।
- मुरैना: पुलिस ने 150 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 14 इनामी और फरार बदमाश थे। पहाड़गढ़ थाना पुलिस ने इस दौरान 44 हजार रुपये की 8 पेटी अवैध देशी शराब भी पकड़ी।
- विदिशा: जिलेभर में पुलिस ने रिकॉर्ड 720 ठिकानों पर दबिश दी और कुल 297 वारंट तामील किए। इसके अलावा 158 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर रेड मारी गई।
- उज्जैन: महाकाल की नगरी में पुलिस ने 200 वारंट तामील किए। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 4 आरोपियों को रात्रिकालीन दबिश में दबोच लिया गया। 50 से अधिक जिला बदर अपराधियों का वेरिफिकेशन भी हुआ।
- खंडवा: यहाँ पुलिस ने 144 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 144 वारंट तामील कराने में सफलता पाई।
- मंदसौर (बड़ी ड्रग्स जब्ती): मंदसौर पुलिस ने 109 वारंटियों को गिरफ्तार करने के साथ ही नशा माफियाओं पर बड़ी चोट की। शामगढ़ पुलिस ने 68 ग्राम एमडी ड्रग (MD Drugs) और नाहरगढ़ पुलिस ने बलेनो कार से 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। इसके अलावा 16 शराब तस्कर भी पकड़े गए।
- शाजापुर व सिवनी: शाजापुर पुलिस ने 150 वारंट तामील कर जिला बदर अपराधियों की जांच की, वहीं सिवनी जिले में भी 103 से अधिक वारंटियों पर कड़ा शिकंजा कसा गया।
मध्य प्रदेश पुलिस के इस अचानक हुए राज्यव्यापी एक्शन से अपराधियों और असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।

