Thursday, May 7, 2026
Latest:
Coronaमध्यप्रदेश

MP में सबसे पहले चार लाख स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका फिर बीमार और बुजुर्ग

Corona Vaccine in MP। मध्य प्रदेश में सबसे पहले चार लाख स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका सरकारी अस्पतालों में लगाया जाएगा। इसके बाद बुजुर्गों, बीपी, डायबिटीज और कैंसर मरीजों को टीका लगाया जाएगा।

पहले भारत सरकार ने 65 साल से ऊपर के लोगों को टीका लगाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब 50 साल से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाने पर सहमति बनी है। 50 साल से ज्यादा उम्र वालों का आंकड़ा नवीनतम मतदाता सूची से लिया जाएगा। इसी तरह से डायबिटीज, हाई बीपी और कैंसर मरीजों की जानकारी इस साल प्रदेश में जनवरी-फरवरी में कराए गए गैर संचारी रोग सर्वे से ली जाएगी। मध्य प्रदेश की आबादी में 50 साल के ऊपर के करीब 20 फीसद लोग हैं। करीब चार फीसद आबादी डायबिटीज से व 10 से 12 फीसद ब्लड प्रेशर से पीड़ित है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने कहा कि इस सर्वे में चिन्हित मरीजों को एसएमएस भेजकर टीकाकरण के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद भी कुछ ऐसे लोग छूट जाएंगे, जो सर्वे में शामिल नहीं हो पाए थे। इसके बाद बाहर से आए हैं या फिर बाद में उन्हें बीमारी का पता चला है। ऐसे लोगों की पहचान के लिए अस्पतालों में अलग काउंटर बनाए जाएंगे।

 

वह काउंटर पर जांच रिपोर्ट व अन्य चिकित्सकीय दस्तावेज दिखाकर टीकाकरण के लिए अपना पंजीयन करा सकेंगे। जिन्हें अभी तक बीपी और शुगर की बीमारी का पता नहीं है, वह भी सरकारी अस्पताल में हफ्ते में दो बार जांच कराने के बाद बीमारी निकलती है तो पंजीकृत हो सकेंगे। डॉ. शुक्ला ने कहा कि अभी यह प्रारंभिक तैयारी है। भारत सरकार से मिले निर्देश के मुताबिक इसमें बदलाव भी हो सकता है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम