MP में लागू नहीं होगा गठबंधन, सभी सीटों पर लड़ेगी जनता दल यूनाइटेड

भोपाल। बिहार में चल रहे भाजपा-जदयू गठबंधन में दरार की खबरों के बीच मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अपना जनाधार तलाशने में जुट गई है।

जदयू ने एलान किया है कि वह सभी 230 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। खासतौर पर बुंदेलखंड, महाकोशल और आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। 80 फीसदी टिकट युवाओं को दिए जाएंगे।

मध्यप्रदेश में जदयू का भले अभी कोई राजनीतिक वजूद न हो, लेकिन पार्टी का दावा है कि यह समाजवादियों की पुरानी कर्मभूमि रही है। इसलिए जदयू संगठन मजबूती के लिहाज से सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। दिल्ली में 7-8 जुलाई को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी निर्णय लिए जाएंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल का कहना है कि पार्टी युवाओं पर फोकस करेगी ताकि संगठन भी सशक्त बन सके। बुंदेलखंड, महाकोशल और आदिवासी अंचलों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के इसी महीने तीसरे सप्ताह (24-25 जुलाई) तक मप्र प्रवास कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान जबलपुर, भोपाल और रीवा संभाग में सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। नीतीश के अलावा पार्टी के अन्य राष्ट्रीय नेताओं के भी मप्र दौरे बनाए जा रहे हैं।

↑
Exit mobile version