MP में कक्षा 9 और 11वीं की परीक्षाएं रद्द, तुगलकी लॉकडाउन’ लगाने और घंटी बजवाने की रणनीति- राहुल गाँधी
देश में 15 अप्रैल को कोरोना के 2 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए, जो एक दिन का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,40,74,564 हो गई। वहीं, सक्रिय मामले भी 14 लाख के पार पहुंच गए। पिछले 24 घंटे के दौरान 1083 लोगों ने जान गंवाई, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,73,123 हो गई। बता दें कि देश में लगातार 37 दिन से कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है
मध्यप्रदेश : नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं रद्द
मध्यप्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कक्षा नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। दोनों ही कक्षाओं के अभ्यर्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
08:23 PM, 16-APR-2021
राजस्थान : 7359 नए मामले
राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 7,359 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 2,791 लोग ठीक हुए और 31 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कुल मामले 3,95,309 हैं और कुल 3,072 लोगों की मौत हुई है। जबकि कुल 3,38,424 लोग ठीक हुए हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 53,813 है।
08:22 PM, 16-APR-2021
गुजरात : 8920 नए मामले
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 8,920 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 3,387 लोग ठीक हुए और 94 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 3,84,688 है और कुल 5,170 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 3,29,781 लोग ठीक हुए हैं और कुल सक्रिय मामले 49,737 हैं।
08:20 PM, 16-APR-2021
झारखंड : शनिवार को सर्वदलीय बैठक
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य में कोविड-19 की स्थिति के आकलन के लिए शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
08:05 PM, 16-APR-2021
आंध्र प्रदेश : 6096 नए मामले
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,096 नए मामले सामने आए हैं और 20 लोगों की मौत हुई है। जबकि 2,194 लोग ठीक हुए हैं। यहां सक्रिय मामले 35,592 हैं। कुल मामलों की संख्या 9,48,231 है और कुल 7,373 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 9,05,266 लोग ठीक हुए हैं।
07:49 PM, 16-APR-2021
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोविड-19 महामारी से निपटने की रणनीति को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार की रणनीति सिर्फ ‘तुगलकी लॉकडाउन’ लगाने और घंटी बजवाने की है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार की कोविड रणनीति- पहला चरण- तुगलकी लॉकडाउन लगाओ। दूसरा चरण- घंटी बजाओ। तीसरा चरण- प्रभु के गुण गाओ। बाद में उन्होंने पिछले साल के अपने एक बयान का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक साल बाद भी लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।

