Latest

Meneka Gandhi ने शेयर किया कुत्ते पर गाड़ी चढ़ाने का ये दर्दनाक वीडियो, ट्विंकल खन्ना ने कहा- इसे अरेस्ट किया जाना चाहिए

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक शख्स कुत्ते पर गाड़ी चढ़ाता नज़र आ रहा है। मेनका गांधी ने यह दर्दनाक वीडियो शेयर कर इस मामले का जानकारी दी है, जिसके बाद इस शख्स पर केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही सांसद ने एक और ट्वीट में इस शख्स के बारे में जानकारी दी है और कहा है कि इस शख्स को जेल भेजा जाना चाहिए। लोग इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और इस शख्स के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। अब बॉलीवुड एक्ट्रेस और अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना ने भी इस वीडियो को शेयर किया है।

ट्विंकल खन्ना ने मेनका गांधी के पोस्ट को रीट्वीट किया है और अपना दुख व्यक्त किया है। ट्विंकल खन्ना ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है- यह काफी भयानक है! इसे तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’ मेनका गांधी की ओर से शेयर किया गया वीडियो काफी दर्दनाक है। दरअसल, इस वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स पहले एक कुत्ते को सड़क पर गिराता है और फिर कार में बैठकर कार को कुत्ते के ऊपर से चलाकर ले जाता है, जिससे उसकी थोड़ी देर बाद मौत हो जाती है।

मेनका गांधी ने वीडियो शेयर करते इस शख्स की जानकारी भी दी और लिखा- यह ब्रीडर है और कुत्तों की लड़ाई के लिए इनकी बिक्री करता है। जब कुत्ते इसके काम के नहीं होते तो (उनके साथ) यह करता है। इस कुत्ते की करीब 30 मिनट तक असहनीय दर्द सहने के बाद मौत हो गई।’ साथ ही मेनका गांधी ने अगले ट्वीट में लिखा- यहां इस व्यक्ति के कुत्तों का वीडियो है, जिसका उपयोग कुत्तों की लड़ाई में किया जाता था। रात में, उसने इन सभी कुत्तों को अपने घर के पीछे की नहर में फेंक दिया। एक कुत्ता डूब गया जबकि अन्य को पीएफए ने बचा लिया। इस व्यक्ति को जेल भेजा जाना चाहिए।’

बता दें कि मेनका गांधी के ट्वीट के बाद इस शख्स पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कपूरथला का रहने वाला है और अभी फरार है।

Back to top button