मध्यप्रदेश

पत्नी के नाम महालक्ष्मी इंडस्ट्रीज फर्म, पंचायतों में सप्लाई… फिर अचानक CEO सस्पेंड, क्या हुआ खेल?

पत्नी के नाम महालक्ष्मी इंडस्ट्रीज फर्म, पंचायतों में सप्लाई… फिर अचानक CEO सस्पेंड, क्या हुआ खेल?, मुरैना जिले में आर्थिक अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जनपद पंचायत पोरसा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) देवेंद्र जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें जिला पंचायत में अटैच किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीईओ देवेंद्र जैन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी कीर्ति गोयल जैन के नाम से ‘महालक्ष्मी इंडस्ट्रीज’ फर्म पंजीकृत कराई और उसी फर्म को वेंडर के रूप में ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर रजिस्टर कर दिया। इसके बाद वर्ष 2023 में ग्राम पंचायत रजौधा, रायपुर, धर्मगढ़, बरवाई, विजयगढ़, कुरैठा एवं कौथरकलां सहित कई पंचायतों में इसी फर्म के माध्यम से सामग्री आपूर्ति कराई गई।

इस प्रक्रिया में लगभग 14.92 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जिसे आर्थिक अनियमितता और पद के दुरुपयोग के रूप में देखा जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीईओ को निलंबित कर दिया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे और जांच की जाएगी तथा दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई संभव है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम