राष्ट्रीय

LIVE Coronavirus Updates: कर्नाटक में 10 नए मामलों की पुष्टि, राज्य में मरीजों की संख्या 191 हुई

कर्नाटक में कोरोना वायरस (COVID-19)के 10 नए मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में 191 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 28 लोग ठीक हो गए हैं और 6 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में 17 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल 5,734 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 5,095 लोगों का इलाज जारी है। 473 लोग ठीक हो गए हैं और 166 लोगों की मौत हो गई है।

01:36 PM
नोएडा में डोरस्टेप डिलीवरी की व्यवस्था
नोएडा प्रधिकरण की सीईओ के अनुसार बुधवार को नोएडा में चिह्नित किए गए कोरोना वायरस के हॉटस्पॉट में से 16-17 इलाके नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आते हैं। इन जगहों के लिए विक्रेताओं की एक सूची जो फलों और सब्जियों की डोरस्टेप डिलीवरी सुनिश्चित कर सकती है तैयार किया जा रहा है। तय होने पर सोसाइटी के बारे में इसकी जानकारी दी जाएगी। नोएडा प्राधिकरण पूरे नोएडा में स्वच्छता अभियान चला रहा है, विशेष रूप से सील क्षेत्रों में। इसके अलावा, सेनेटाइजर का छिड़काव करने के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। सभी से अपील है कि वे घर पर रहें और घबराएं नहीं।

01:24 PM
लॉकडाउन के दौरान धारावी में सभी सब्जी / फलों के बाजारों, फेरीवालों और विक्रेताओं पर प्रतिबंध
कोरोना वायरस को लेकर एहतियात के तौर पर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने लॉकडाउन अवधि के दौरान धारावी में सभी सब्जी / फलों के बाजारों, फेरीवालों और विक्रेताओं पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। क्षेत्र में मेडिकल की दुकानों को खोलने की अनुमति है।बीएमसी ने पुष्टि की है कि वे क्षेत्र में आज या कल में डोर टू डोर सप्लाई शुरू कर देंगे।

12:54 PM
ओडिशा में दो नए मामलों की पुष्टि
ओडिशा के ढेंकनाल में एक 51 साल की महिला और पश्चिम बंगाल की एक पुरुष व्यक्ति भुवनेश्वर में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ओडिशा स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।

12:37 PM
कर्नाटक में कोरोना वायरस (COVID-19)के 10 नए मामले
कर्नाटक में कोरोना वायरस (COVID-19)के 10 नए मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में 191 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 28 लोग ठीक हो गए हैं और 6 लोगों की मौत हो गई है।

12:24 PM
नवीन पटनायक का केंद्र से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू नहीं करने का अनुरोध
ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने केंद्र से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू नहीं करने का अनुरोध किया है। राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे।

12:20 PM
ओडिशा में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया गया
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लॉकडाउन की अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यह 14 अप्रैल तक था। ऐसे करने वाला ओडिशा पहला राज्य है।

12:08 PM
बिहार में कोरोना वायरस (COVID-19) के 12 नए मामले सामने आए
बिहार में कोरोना वायरस (COVID-19) के 12 नए मामले सामने आए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार सिवान में एक ही परिवार के 10 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या 51 हो गई है। बिहार के प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने इसकी जानकारी दी है।

11:56 AM
आरोग्य सेतु IVRF लॉन्च- रविशंकर प्रसाद
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के अनुसार आज केंद्र सरकार और तमिलनाडु के बीच एक बहुत ही अच्छी पहल की शुरुआत हुई है, आरोग्य सेतु IVRF को लॉन्च किया गया है। जैसे ही आप एक बार मिस कॉल देते हैं ये तभी एक्टिवेट हो जाएगा, आपकी लोकेशन की पहचान कर ली जाएगी। इस पर हेल्थकेयर के लिए मदद और गाइडेंस उपलब्ध होगी। आज इसकी पायलट योजना थी। इसे दूसरे राज्यों में भी जल्द ही लागू किया जाएगा। ये नॉन-स्मार्टफोन के लिए भी है।

11:49 AM
कर्नाटक में महिला का निधन
कर्नाटक के गदग में कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित एक 80 वर्षीय महिला का हार्ट अटैक से निधन हो गया है।

11:28 AM
महाराष्ट्र में आज 162 नए मामलों की पुष्टि
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में आज 162 नए मामले सामने आए हैं। यहां कुल मरीजों की संख्या 1297 हो गई है।

11:01 AM
गुजरात में 55 नए मामलों की पुष्टि
गुजरात में कोरोना वायरस (COVID-19)के 55 नए मामले सामने आए हैं। अहमदाबाद में सबसे ज्यादा 50 मामले सामने आए हैं। दो मामले सूरत में सामने आए हैं। दाहोद, आनंद और छोटा उदेपुर में एक-एक मामले सामने आए हैं।

10:49 AM
हॉटस्पॉट वाले इलाकों में पहले टेस्टिंग की जाएगी- सत्येंद्र जैन
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के अनुसार टेस्टिंग किट आते ही रैपिड टेस्ट शुरू हो जाएगा। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में पहले टेस्टिंग की जाएगी।

10:44 AM
दिल्ली में में अभी तक कोरोना वायरस (COVID-19)के 669 मामले सामने आए
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के अनुसार राजधानी में अभी तक कोरोना वायरस (COVID-19)के 669 मामले सामने आए हैं। इनमें 426 मरीज तब्लीगी मरकज से जुड़े हुए हैं।

10:32 AM
ऐसे समय में ही दोस्त करीब आते हैं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा, मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। ऐसे समय में ही दोस्त करीब आते हैं। भारत-अमेरिका की साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत है। कोरोना वायरस के खिलाफ मानवता की लड़ाई में भारत मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हम इसे एक साथ जीतेंगे।

10:21 AM
राजस्थान में मरीजों की संख्या 413 हुई
राजस्थान में आज कोरोना वायरस (COVID-19) के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 413 हो गई है। इसमें से 129 केस जयपुर से हैं। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।

10:06 AM
झारखंड के बोकारो में एक 75 साल के व्यक्ति की मौत
झारखंड के बोकारो में आज सुबह एक 75 साल के व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हो गई है। बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने इसकी जानकारी दी। झारखंड में यह कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

09:49 AM
जालंधर में 59 वर्षीय मरीज की मौत
जालंधर में 59 वर्षीय कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीज का कल रात निधन हो गया। वह पिछले 2 दिनों से वेंटिलेटर पर था। जिला प्रशासन मानक प्रोटोकॉल के अनुसार दाह संस्कार के लिए तौर-तरीकों पर काम कर रहा है। पंजाब आपदा प्रबंधन (COVID-19) केबीएस सिद्धू ने इसकी जानकारी दी

09:44 AM
आगरा में 19 नए मामलों की पुष्टि
आगरा के डीएम प्रभु एन. सिंह के अनुसार जिले में कोरोना वायरस (COVID-19) के 19 नए मामले सामने आए हैं। ​इसके बाद जिले में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है।

09:35 AM
मध्य प्रदेश के खंडवा में 5 मामलों की पुष्टि
मध्य प्रदेश के खंडवा में 5 मामले सामने आए हैं। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिला कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने इसकी जानकारी दी है।

09:31 AM
मंत्रियों के समूह की बैठक
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में आज कोरोना वायरस को लेकर मंत्रियों के समूह (GoM) की एक उच्च-स्तरीय बैठक होगी।

09:29 AM
बिहार में 4 नए मामलों की पुष्टि
बिहार के सिवान में कोरोना वायरस के 4 नए मामले सामने आए हैं। यहां कुल मरीजों की संख्या 43 हो गई है। बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार ने इसकी जानकारी दी है।

09:26 AM
राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम मोदी को बोलोनसरो ने कहा धन्यवाद
ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलोनसरो ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में ब्राजील को हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन मुह के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, भारतीय प्रधानमंत्री के साथ मेरी सीधी बातचीत के परिणामस्वरूप हमें हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के उत्पादन को जारी रखने के लिए कच्चा माल मिलेगा।

08:55 AM
लुधियाना में दो और मामलों की पुष्टि
लुधियाना में कोरोना वायरस से दो लोग (15 वर्षीय और एक 24 वर्षीय) संक्रमित पाए गए हैं। जिले में कुल अब तक 8 मामले सामने आ गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ ने इसकी जानकारी लुधियाना के उपायुक्त परदीप अग्रवाल के हवाले से दी है।

08:39 AM
भारत में पिछले 24 घंटे में 540 मामले बढ़े – स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से भारत में पिछले 24 घंटे में 17 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल 5,734 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 5,095 लोगों का इलाज जारी है। 473 लोग ठीक हो गए हैं और 166 लोगों की मौत हो गई है।

08:17 AM
छत्तीसगढ़ में अब तक 11 मामलों की पुष्टि
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आया है। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 11 है। इसमें डिस्चार्ज हो चुके 9 लोग भी शामिल हैं।

08:03 AM
झारखंड में चार नए मामलों की पुष्टि, कुल अब तक 13 मामलों की पुष्टि
झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी के अनुासर राज्य में कोरोना वायरस के 4 और मामलों की पुष्टि हुई है, इनमें से 1 रांची में कोरोना संक्रमित परिवार से है और 3 अन्य बोकारो में एक संक्रमित परिवार से हैं। राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 13 हो गई है।

07:51 AM
सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। राज्य में अब तक 1018 मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें से 79 लोग ठीक हो गए हैं और 64 लोगों की मौत हो गई है।

07:49 AM
भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के अब तक 5,274 मामले सामने आए
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के अब तक 5,274 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 4.714 लोगों का इलाज जारी है, 410 लोग ठीक हो गए हैं और 149 लोगों की मौत हो गई है।

Back to top button