भोपाल। राजभवन में मंत्रियों का शपथ ग्रहण में राज्यपाल लालजी टंडन पांच मंत्रियों को शपथ दिला रहे हैं। सबसे पहले डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें नरोत्तम मिश्रा, तुलसी सिलावट, मीना सिंह, कमल पटेल और गोविंद सिंह राजपूत ने शपथ ली। इसके तुरंत बाद कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण रोकने को लेकर मंत्री मैदान में उतरेंगे। फिलहाल मंत्रिमंडल का स्वरूप छोटा रखा जा रहा गया है।
कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर शपथ समारोह का आयोजन सादगी से किया गया। कोरोना के चलते शारीरिक दूरी और संक्रमण से बचाव के सभी उपायों को अपनाते हुए आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री चौहान की शपथ के 29 दिन बाद उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है।
भाजपा हाईकमान की हरी झंडी के बाद पांच मंत्रियों को शपथ दिलाने का निर्णय हुआ, इसमें जातीय समीकरण को साधने का प्रयास भी किया गया है। महिला और आदिवासी वर्ग का प्रतिनिधित्व मीना सिंह, ओबीसी वर्ग से कमल पटेल, अनुसूचित जाति वर्ग से सिलावट और सामान्य वर्ग से नरोत्तम मिश्रा और गोविंद सिंह राजपूत को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।
