बैंक डकैती- दमोह में पकड़ा गया खितौला बैंक डकैती का मास्टरमाइंड राजगढ़ में भी की थी डकैती, झारखंड भागे 3 आरोपी

बैंक डकैती- दमोह में पकड़ा गया खितौला बैंक डकैती का मास्टरमाइंड
राजगढ़ में भी की थी डकैती, झारखंड भागे 3 आरोप
कटनी/ सिहोरा-खितौला स्थित इसाफ फायनेंस बैंक में 15 करोड़ की डकैती की वारदात करने वाले तीन आरोपियों ने पूर्व में राजगढ़ में भी डकैती की वारदात की थी और पकड़े गए थे। जेल में उनकी मुलाकात पाटन निवासी रहीस सिंह लोधी से हुई थी। उन्होंने जेल से छूटने के बाद योजना बनाकर खितौला बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस बात का खुलासा पुलिस गिरफ्त में आए डकैती के मास्टरमाइंड रहीस सिंह द्वारा किया गया है। उसने बताया कि तीन आरोपी वारदात के बाद झारखंड भागे हैं।
जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी रहीस सिंह ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त सोमवार को खितौला स्थित इसाफ बैंक में डकैती डालने के बाद आरोपी पाटन व इंद्राना में रुके थे। उसके बाद 12 अगस्त मंगलवार को सभी दमोह गए थे। वहां पर तीन आरोपियों को रहीस ने झारखंड जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया था और अपने एक साथी के साथ वह वहीं रुक गया था। इस बात की जानकारी लगने पर पुलिस टीम दमोह पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से कुछ नकद रकम भी बरामद की गई है। वहीं उसका साथी बल्लू भाग निकला जिसकी तलाश की जा रही है। उसने कबूल किया है कि वारदात के समय वह लाल रंग की टी-शर्ट पहनकर बैंक में ही था।
राजगढ़ जेल में हुई थी मुलाकात पुलिस के अनुसार रहीस पूर्व में
मादक पदार्थ अधिनियम मामले में छग की राजगढ़ जेल में बंद था। वहां पर उसकी मुलाकात राजगढ़ में डकैती डालने के मामले में बंद तीन आरोपियों से हुई थी। जमानत पर छूटने के बाद सभी ने मिलकर खितौला के इसाफ बैंक में डकैती डालने की योजना बनाई थी। वारदात के बाद उसने ही आरोपियों को भागने में मदद की। इस जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा राजगढ़ पुलिस से डकैतों के संबंध में जानकारी मांगी गई है, ताकि उनका सही नाम व पता ज्ञात हो सके और उन्हें पकड़ा जा सके।
बैंक से लूटा पूरा सोना झारखंड ले गए
रहीस ने पुलिस को बताया कि बैंक से लूटा गया पूरा सोना तीनों डकैत अपने साथ झारखंड ले गए। वहीं उसे व उसके साथी बल्लू को ढाई-ढाई लाख रुपए दिए गए थे। पुलिस ने रहीस की निशानदेही पर उसके हिस्से की राशि जब्त कर ली है। जांच में इस बात का खुलासा हुआ था कि झारखंड भागे तीनों आरोपियों ने रहीस से खुद को बिहार का रहने वाला बताया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मूलतः कहां के रहने वाले हैं।