कटनी। ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी और उत्सवी माहौल निर्मित करने के उद्देश्य से एक भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। इस अभियान के तहत जिले के सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ घरों में भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन में जिले की 21 प्रमुख संस्थाओं और लाखों आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
42 ऐतिहासिक स्थलों का चयन दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के लिए जिले में 42 ऐतिहासिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के कार्यकाल से जुड़ी उपलब्धियों के स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर विशेष रूप से दीप जलाकर उत्सवी वातावरण को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन जनभागीदारी, सेवा भावना और विकास कार्यों के प्रति जन-आभार व्यक्त करने की सामूहिक अभिव्यक्ति बनेगा।
विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं अभियान के तहत 19 सितंबर से 26 सितंबर तक जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के उज्ज्वल भविष्य, विकास, नवाचार, सुशासन और राष्ट्र निर्माण पर अपने विचारों व कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चित्रकला में छात्र-छात्राएं अपनी सोच को कैनवास पर उकेरेंगे, वहीं भाषण प्रतियोगिता में अपने संकल्पों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करेंगे।