Katni Crime Update: शिव मंदिर में चोरी का पर्दाफाश: NKJ Police को मिली सफलता
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत जागृति कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने शिव मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने चोरी किये गये मसरूका में दो मुकुट एवं एक छत्र कीमती दस हजार बरामद किया है।
वारदात के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जागृति कॉलोनी निवासी राजमणी सिंह गौतम पिता राजेन्द्र सिंह गौतम ने विगत 7 अपै्रल को एनकेजे थाने पहुंचकर सूचना दी कि विगत 6 अपै्रल की रात्रि मेरे घर में बगल में निजी शंकर पार्वती मंदिर में किन्हीं अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
अज्ञात चोरों ने प्रतिमाओं से चांदी का मुकुट एवं छत्र पार कर दिया है। जिसकी कीमत करीब 10 हजार रूपए आंकी गई है। रिपोर्ट पर एनकेजे पुलिस ने धारा 457 380 के तहत मामला दर्ज किया।
वारदात के बाद एनकेजे पुलिस ने एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन एवं एएसपी संदीप मिश्रा एवं सीएसपी एस के शुक्ला के मार्गनिर्देशन में टीमों को सक्रिय किया और मुखबिरों की निशानदेही पर प्रेमनगर निवासी प्रकाश दुबे एवं रोशननगर निवासी शरद बर्मन को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
जिन्होने मंदिर में चोरी करना स्वीकार कर लिया। इस वारदात का पर्दाफाश करने मं एनकेजे थाना प्रभारी महेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक अंकिता तिवारी एएसआई दिनेश सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक सतीश हल्दकार, आरक्षक दीपक तिवारी, आरिफ हुसैन, चन्द्रेश सिंह, शशीकांत करोसिया की सराहनीय भूमिका रही।

