Katni Breaking-गुरू दर्शन करने जा रहे दंपत्ति हादसे का शिकार, महिला की मौत, तीन गंभीर

कटनी। आज गुरूपूर्णिमा पर पर शिष्य अपने गुरूजनों से अशीर्वाद लेने दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं। कैलवाराफाटक समीप रहने वाले भैयारामदुबे 55 वर्ष परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 4 मोटरसाइकिलों से शाहनगर गुरूपूर्णिमा पर दर्शन करने जा रहे थे। एक मोटरसाइकल पर भैयाराम दुबे अपनी पत्नी शकुन दुबे 48 वर्ष, नाती सक्षम 5 वर्ष और नातिन समीक्षा 3 वर्ष के साथ बैठे थे। जबकि अन्य तीन मोटर साइकलों में उनके बेटा बहू थे।
पन्ना तिराहे में बायपास के पास दुत्र गति से आ रहे रेत लोड हाइवा की चपेट में भैयाराम दुबे आ गए। हादसे में श्रीमती शकुन दुबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भैयाराम दुबे, सक्षम और समीक्षा गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे ही खबर उनके बेटे बहू जो पीछे-पीछे ही आ रहे थे उनको नहीं थी। सड़क पर मजमा लगा देखा तब भी उन्हें अहसास नहीं था कि यह उनके माता पिता ही है जो हादसे का शिकार हुए हैं। भीड़ भाड़ के बीच उनके बेटे गजेन्द्र दुबे की नजर मोटरसाइकल पर पड़ी तो वह आवाक रह गये।
तब तक समझ में आ चुका था कि उनके माता पिता के साथ ही यह हादसा घटित हुआ है। समीप जाकर देखा तो पुत्र पर पहाड़ टूट पड़ा मां मृत अवस्था में तथा पिता गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे, दो मासूम भी घायल थे। तब तक परिवार के अन्य लोग भी घटना स्थल पर पहुंच चुके थे। जैसे तैसे घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इधर अस्पताल में घायल दुबे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, तबकि मासूम सक्षम और समीक्षा की हालत ठीक बताई जा रही है। हादसा रेत लोड हाइवा से घटित हुआ जिसे पकड़ लिया गया है। पन्ना तिराहे पर ट्रकों की धमाचौकड़ी से यह कोई नया हादसा नहीं अक्सर ऐसे हादसे घटते रहते हैं मगर चालानी कार्रवाई में मस्त पुलिस को शायद निर्दोषों के लहू से लाल होती सड़कें नजर नहीं आतीं। सवाल यह भी कि आखिर रेत लोड ट्रक यहां कैसे पहुंचा जबकि रेत का उत्खनन बारिश के चलते प्रतिबंधित किया गया है।