Tuesday, April 7, 2026
Latest:
katni

Katni :50 व 100 रूपए में भारी वाहनों को मिल रही प्रवेश की अनुमति !

शहर छोड़कर आउट साइड यातायात व्यवस्था संभाल रही यातायात पुलिस

कटनी। शहर की अराजक व बिगड़ैल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने आज तक किए गए नित नए प्रयोगों के बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है तथा आज भी शहर में हालात ऐसे हैं कि किसी भी सड़क पर आप बिना जाम में फंसे नहीं निकल सकते हैं। वहीं शहर की यातायात व्यवस्था संभालने वाली यातायात पुलिस शहर को छोड़कर जुहला रपटा, पन्ना तिराहा व पीरबाबा के पास वसूली में मगन है।

शहर के चौराहों व तिराहों से यातायात पुलिस नदारद होती जा रही है और शहर का यातायात भगवान भरोसे चल रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही यातायात थाने की कमान रक्षित निरीक्षक राघवेन्द्र भार्गव को सौंपी गई है।

जिनसे अब शहरवासियों को कुछ उम्मीद है कि वो कुछ नया करते हुए शहर की अराजक व बिगड़ैल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के हरसंभव प्रयास करेंगे लेकिन उसके पहले उन्हे यातायात पुलिस में पदस्थ पुलिस अधिकारियों सहित पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सुधार लाना पड़ेगा क्योंकि वर्तमान में शहर के चौराहों व तिराहों में 50 व 100 रूपए में खाकी व सफेदवर्दी बिक रही है।

ट्रांसपोर्ट नगर शहर के अंदर होने का मिल रहा फायदा

सूत्रों की माने तो वर्तमान में यातायात थाने में पदस्थ अमला ट्रांसपोर्ट नगर के शहर के अंदर होने का जमकर फायदा उठा रहा है और नो एंट्री के दौरान ट्रांसपोर्टर के वाहनों को शहर के अंदर करने के नाम पर जमकर वसूली करते हैं। जिसका परिणाम है कि आज भी दिन हो या रात पूरे समय शहर के अंदर भारी वाहन धमाचौकड़ी मचाते देखे जा सकते हैं और इन्ही वाहनों की वजह से शहर की सड़कों पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।

मिशन चौक भी बना स्थाई वसूली का अड्डा
मिशन चौक रेल अंडरपास पर जब से ओवरब्रिज का काम शुरू हुआ है, तब से शहर का बेहद व्यस्तम चौराहा यातायात पुलिस कर्मियों की अवैध वसूली का अड्डा बन गया है। ओवरब्रिज निर्माण के कारण यहां के ट्रैफिक सिग्नल निकल चुके हैं तथा चौराहा चारों तरफ से खुला है। जिसका फायदा पुलिस कर्मी उठा रहे हैं और नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहनों से 50 व 100 रूपए लेकर शहर में उनको धमाचौकड़ी मचाने की अनुमति दे देते हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व में मिशन चौक में चालानी कार्रवाई के कारण लगने वाले जाम की वजह से पुलिस अधिकारियों ने मिशन चौक में चालानी कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद यातायात पुलिस कर्मियों के लिए मिशन चौक चालानी कार्रवाई का पंसदीदा स्थान बना हुआ है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply