Katni: सड़क पर फिसली बाइक, युवकी की मौत

कटनी रीठी मार्ग पर देवरी फाटक के पास दुर्घटना
रीठी। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवरी फाटक के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो जाने की वजह से सड़क से नीचे गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर रीठी पुलिस भी मौके पर पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 9 बजे ग्राम बरजी निवासी राम मनोहर उर्फ गुड्डा पिता घनश्याम प्रसाद पांडे किसी कार्यवश अपने गांव से बाइक में सवार होकर कटनी की तरफ आ रहा था, तभी देवरी फाटक के आगे कटनी की ओर जाते समय अचानक बाइक बहक जाने से अनियंत्रित हो गई व खेत में जा समाई। इस दौरान किसी पत्थर से बाइक टकराने के चलते 35 वर्षीय राम मनोहर उर्फ गुड्डा पांडे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में रीठी थाना प्रभारी अजय राजोरिया ने बताया कि घटना की सूचना पर उक्त बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया बाइक बहक जाने से ही घटना संभावित लग रही है। जांच की जाएगी। दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। मृतक की लाश को को रीठी स्वास्थ्य केन्द्र में भेजा गया है, जहां उसका पोस्ट मार्टम किया जा रहा है।

↑
Exit mobile version