Monday, April 6, 2026
Latest:
katni

Katni: नगर निगम में कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ा संग्राम!

कटनी। प्रदेश की सत्ता जाते ही इसका असर अब नगरीय निकायों में साफ दिखने लगा है। गौरतलब है कि प्रदेश के अधिकांश नगर निगमों में भाजपा का कब्जा है यह बात कांग्रेस को सरकार बनने के पहले दिन से ही खटक रही है और इसी की बानगी है जब निगमों में भाजपा तथा कांग्रेस के संघर्ष की स्थिति बनने की खबरें मिल रही हैं। यही हाल पिछले तीन दिनों से कटनी में भी है।
यहां शनिवार को कांग्रेस ने मेयर के खिलाफ प्रदर्शन किया तो बात शक्ति प्रदर्शन में यहां तक जा पहुंची कि महापौर शशांक श्रीवास्तव की गैरमौजूदगी में कांग्रेस नेता न सिर्फ उनके दफ्तर के अंदर जा पहुंचे बल्कि महापौर की नेम प्लेट पर कालिख भी पोत दी। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा अब आक्रामक मूड में है। साथ ही उसने भी आर पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है कल भाजपा पार्षदों सहित बीजेपी नेताओं की उपस्थिति में महापौर ने अपने कक्ष का शुद्धिकरण कराया। बकायदा पूजा पाठ हुई, प्रसाद बंटा और फिर सभी भाजपाई इकट्ठे होकर पुलिस अधीक्षक के पास लिखित शिकायत लेकर पहुंच गये। महापौर शशांक श्रीवास्तन ने कहा कि वह देश भर के महापौर सम्मेलन में शामिल होने आगरा गये थे।
यह जानते हुए भी कांग्रेस ने अपने विरोध में सभी मर्यादाओं को तार तार कर दिया। उनके बंद कक्ष को जबरन खोल कर यहा धरना देना तथा नेम प्लेट पर स्याही लगाना अति अपमान जनक तथा आपराधिक कृत्य है। विरोध करने का अधिकार सभी के पास है लेकिन विरोध का यह रूप कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता लिहाजा भाजपा पार्षद इसे लेकर काफी आक्रोशित हैं तथा कल कक्ष के शुद्धिकरण के साथ ही पुलिस को लिखित शिकायत सौंप कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
महापौर कक्ष के शुद्धिकरण के इस अनूठे प्रदर्शन के दौरान महापौर शशांक श्रीवास्तव के साथ निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला, एमआईसी मेंबर मनीष पाठक, नगर अध्यक्ष रामरतन पायल, युमो मोर्चा अध्यक्ष मृदुल द्विवेदी, अभिषेक ताम्रकार, विनय दीक्षित सर्जना कंदेले, आशीष कंदेले, सत्यनारायण तिवारी, डब्बू रजक गौरीशंकर पटैल, अनिल खरे, कमलेश चौधरी सीमा जैन सोगानी, कैलास जैन, सुभद्रा सोनी, डा. रमेश सोनी, रिचा गेलानी, प्रीति सूरी, पार्वती निषाद, श्याम निषाद, मयंक गुप्ता, दिलराज सिंह, राजा सोनी, निहाल सोनी, पप्पा मिश्रा, सुहेल खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा जन उपस्थित थे।
नगर निगम को गंगाजल से शुद्ध करना पाखंड ः मिथलेश
जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिथलेश जैन एडवोकेट, ने महापौर शशांक श्रीवास्तव द्वारा नगर निगम को गंगाजल से शुद्ध करने को पाखंड भरा आयोजन बताया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा लगता है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में जो भ्रष्टाचार एवं पाप भारतीय जनता पार्टी के लोगों के द्वारा किया गया है, उससे मुक्त होने के लिए महापौर द्वारा गंगाजल का उपयोग किया गया है तथा अपने आपको शुद्ध करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि महापौर को अपने दिमाग को भी शुद्ध करने की आवश्यकता है। उनसे यह भी अपेक्षा है कि वह झूठ बोलना और पाखंड करना बंद करें और जनता की सही मायने में सेवा करने का कार्य करें।
भाजपा ने एसपी को सौंपी शिकायत
इधर नगर निगम में प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, महापौर शशांक श्रीवास्तव विधायक प्रणय प्रभात पांडे सहित कई नेताओं के साथ पुलिस अधीक्षक के दफतर पहुंचे तथा उन्हें शिकायत पत्र सौंपा इस शिकायत पत्र में कक्षा में अनाधिकृत प्रवेश करने नेमप्लेट पर स्याही पोतने आदि के लिए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply