Site icon Yashbharat.com

Katni : देवरानी को बचाने गई जिठानी को भी लगा करंट, दोनो की मौत

power poles upper lines power lines high voltage 47307

कटनी। उमरियापान में आज सुबह एक लोमहर्षक हादसे में देवरानी और जिठानी की करंट लगने से अकाल मौत हो गई। घर पर लगे इन्वर्टर के तार से आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगे जीआई तार में करंट आ जाने से यह घटना घटित हुई। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी क्षेत्र में जैसे ही फैली, बड़ी तादाद में लोग मौके पर जा पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

इस संबंध में जानकारी के अनुसार उमरियापान थाना क्षेत्र के अंतर्गत नई बस्ती निवासी गुल्लू गुप्ता का परिवार रोजाना की तरह सुबह 6 बजे उठकर अपनी दिनचर्या में लगा हुआ था। सत्यनारायण उर्फ गुल्लू गुप्ता रोजाना की तरह अपनी पत्नि गीता बाई के साथ छत पर खड़े होकर ब्रश कर रहे थे और बहु स्व. ओमनारायण की पत्नि गंगा बाई गुप्ता नहाकर तैयार हो रही थी। जैसे ही गंगा बाई ने सुबह सूर्य देव को जल अर्पण किया और कपड़े फैलाने वाले जीआई के संपर्क में आई, वैसे ही उसे करंट लग गया और वह जमीन में गिर गई। उसे जमीन पर गिरता देख जिठानी गीता बाई तत्काल छत से नीचे देवरानी को उठाने पहुंची और वो भी करंट की चपेट में आ गई।

पति लौटा मौत के दरवाजे से
बताया जाता है कि जिठानी और देवरानी को करंट लगने के बाद गुल्लू गुप्ता भी वहां पहुंचा लेकिन उसकी पत्नि ने अंतिम सांस लेने से पहले आवाज लगाकर कहा की यहां करंट है, दूर हो जाओ। जिस पर गुल्लू गुप्ता जोर से चिल्लाया, तो मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे और लाठियों के सहारे करंट दौड़ती तार को अलग करने का प्रयास किया, इस दौरान चिंगारियां भी उठती रहीं लेकिन जब तक देवरानी, जिठानी की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी गोविंद सुरैया स्टाफ के साथ मौके पर चहुंचे और मौका मुआयना कर पंचनामा की कार्रवाई की।

घटना की जानकारी लगते ही ढीमरखेड़ा एसडीएम देवकीनंदन भी मौके पर पहुंचे और दिशा निर्देश दिया। घटना इनवर्टर की गुजरी तार से घटित हुई है। घर में रखे इनवर्टर का कनेक्शन पड़ोसी की दीवार के एक पिलर में निकली राड के अंदर से होते हुए दुकान में गया था और उसी राड से कपड़े सुखाने वाला जीआई तार भी बंधा था, जिससे यह बड़ी घटना हो गई। समाचार लिखे जाने तक महिला डाक्टर उमरियापान नहीं पहुंची थी, जिस कारण दोनों शव का पीएम नहीं हो पाया था। दिल दहला देने वाली घटना से पूरा परिवार, मायके वाले सहित पूरा नगर शोक में डूब गया है।

Exit mobile version