कमलनाथ किसी भी वक्त थाम सकते हैं कमल, बीजेपी ने किया स्वागत

kamalnath nakulnath

Kamalnath News: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और लंबे समय तक कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे कमलनाथ किसी भी समय बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. ये चर्चा इस वक्त पूरे मध्यप्रदेश में बहुत तेजी से फैल रही है. कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की खबरों का खंडन भी कमलनाथ द्वारा नहीं किया जा रहा है. ऊपर से कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के सोशल अकाउंट जैसे एक्स, फेसबुक आदि से कांग्रेस का नामो-निशान भी दिखाई नहीं दे रहा है. कमलनाथ के सोशल अकाउंट पर पूर्व मुख्यमंत्री और नकुलनाथ के सोशल अकाउंट पर सांसद छिंदवाड़ा ही लिखा हुआ दिख रहा है. इन सब कारणों से ये चर्चा जंगल में आग की तरह फैल रही है कि कमलनाथ किसी भी वक्त बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.

जाहिर है कि ऐसे में कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है. कमलनाथ पांच दशक पुराने कांग्रेसी नेता हैं. कांग्रेस पार्टी को छोड़कर कई कद्दावर नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा है लेकिन कमलनाथ उन कांग्रेसी नेताओं में से हैं जो हमेंशा ही गांधी परिवार के सबसे वफादार नेताओं में रहे हैं. पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के बेहद करीबी रहे कमलनाथ यदि बीजेपी में शामिल हो जाते हैं तो ऐसे में ये कांग्रेस के लिए झटका नहीं बल्कि महा झटका कहलाएगा.

सिंधिया के साथ संबंध हुए थे खराब तो गंवा दी थी सीएम की कुर्सी

कमलनाथ 2018 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे. उस समय सिंधिया और कमलनाथ दोनों ही कांग्रेस में थे और दोनों ने मिलकर बड़े पैमाने पर चुनावी अभियान चलाया और बीजेपी को सत्ता से बेदखल कर दिया था. लेकिन मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर दोनों के बीच खटास पैदा हो गई थी क्योंकि राहुल गांधी ने कमलनाथ को मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया था. लेकिन इसके बाद भी सिंधिया गुट के विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था लेकिन सरकार चलाने के तौर-तरीकों को लेकर कमलनाथ और सिंधिया के बीच मन मुटाव हुआ और सिंधिया कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए और उन्होंने अपने समर्थक विधायकों की मदद से कमलनाथ की सरकार गिरा दी थी.

इसे भी पढ़ें-  ग्वालियर हाई कोर्ट को ई-मेल पर मिली बम धमाकों की धमकी: अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और दिलजीत दोसांझ के शो को निशाना बनाने का जिक्र, क्राइम ब्रांच ने दर्ज की FIR

वहीं हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ा लेकिन कांग्रेस की बुरी तरह से हार हुई और सिर्फ 66 सीटों पर कांग्रेस सिमट कर रह गई. इसके बाद कमलनाथ ने पीसीसी चीफ के पद से त्यागपत्र दिया और जीतू पटवारी को नया पीसीसी चीफ बनाया गया. इसके बाद से ही कमलनाथ कांग्रेस की सक्रिय राजनीति से दूर दिखाई दे रहे हैं और अब उनके बीजेपी में शामिल होने की खबरें तेजी से फैल रही हैं.

सांसद नकुलनाथ के सोशल अकाउंट पर कांग्रेस नहीं

वहीं कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ के एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर सिर्फ सांसद छिंदवाड़ा लिखा है लेकिन कांग्रेस का न तो कहीं पर नाम है और न ही निशान. ऐसे में अटकलें लग रही हैं कि कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की खबरों के बीच उनके बेटे नकुलनाथ ने भी अपने सोशल अकाउंट से कांग्रेस को हटा दिया है. हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि नकुलनाथ के सोशल अकाउंट पर बहुत पहले से ही कांग्रेस का नाम और निशान नहीं है. खैर, कुछ वक्त के इंतजार के बाद कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की खबरों की सच्चाई सामने आ जाएगी.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कद्दावर नेताओं ने किया है स्वागत

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बीते रोज ही प्रेस कांफ्रेंस में बोल दिया था कि कमलनाथ के लिए बीजेपी के दरवाजे खुले हैं. कैलाश विजयवर्गीय ने भी कहा है कि वे कमलनाथ का बीजेपी में आने पर स्वागत करेंगे. बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी कमलनाथ के लिए भाजपा के दरवाजे खुले होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के रथ पर सवार होकर देश सेवा करने का ऑफर दे चुके हैं

इसे भी पढ़ें-  कटनी में अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन- बिना नंबर प्लेट और RFID टैग के दौड़ रहा डंपर जब्त