पश्चिम बंगाल में BJP दफ्तर पर हमला! रात के अंधेरे में बदमाशों ने की तोड़फोड़, झंडे-बैनर फाड़े और CCTV के तार काटे; इलाके में भारी तनाव
दुर्गापुर । पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में गुरुवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय में अज्ञात बदमाशों द्वारा घुसकर जमकर तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना दुर्गापुर के वार्ड संख्या 33 के फरीदपुर इलाके की है। वारदात की खबर फैलते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश भड़क गया, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शीर्ष नेतृत्व के बैनर फाड़कर जमीन पर फेंके, CCTV के तार भी तोड़े स्थानीय BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गुरुवार देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों के एक समूह ने सुनियोजित तरीके से पार्टी दफ्तर को निशाना बनाया। हमलावरों ने कार्यालय में लगे पार्टी के झंडे और बैनर फाड़ दिए। आरोप है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तस्वीरों वाले बैनरों को भी फाड़कर जमीन पर फेंक दिया गया। इसके साथ ही सबूत मिटाने की नीयत से कार्यालय में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के तार भी तोड़ दिए गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी BJP ने इसे रात के अंधेरे में पूरी प्लानिंग के साथ किया गया हमला करार दिया है। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तोड़फोड़ के पीछे कौन लोग शामिल हैं और घटना की मुख्य वजह क्या है।
हाल ही में उत्तर 24 परगना में भी हुई थी झड़प गौरतलब है कि इससे पहले हाल ही में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भी दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई थी। वहां भाजपा के एक कार्यक्रम के समाप्त होते ही दूसरे गुट ने हमला कर दिया था, जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को खदेड़ा था और घायल कार्यकर्ता को इलाज के लिए कमारहाटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पश्चिम बंगाल में BJP दफ्तर पर हमला-रात के अंधेरे में बदमाशों ने की तोड़फोड़, झंडे-बैनर फाड़े और CCTV के तार काटे; इलाके में भारी तनाव











