Latestअंतराष्ट्रीय

Israel Hamas War LIVE: लेबनान से इस्राइल क्षेत्रों में दागे गए रॉकेट; बाइडन ने फलस्तीनियों को लेकर कही यह बात

Israel Hamas War LIVE: लेबनान से इस्राइल क्षेत्रों में दागे गए रॉकेट; बाइडन ने फलस्तीनियों को लेकर कही यह बात इस्राइल और हमास के बीच जंग शुरू हुए अब नौ दिन हो चुके हैं। हमास के हमले और इसके बाद इस्राइल के गाजा पट्टी पर पलटवार के बाद से ही इस मानवीय संकट में अब तक 3600 से ज्यादा जानें जा चुकी हैं। जहां इस्राइल में अब तक 1300 से ज्यादा मौतों की पुष्टि हुई है, तो वहीं गाजा पट्टी में अब तक 2300 से ज्यादा जानें जाने की बात सामने आई है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने इस्राइल की बमबारी पर चिंता जताते हुए कहा है कि गाजा पट्टी को और रसातल में धकेला जा रहा है।

बाइडन ने फलस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष अब्बास से बात की

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने फलस्तीन से संपर्क किया। उन्होंने ट्वीट किया कि मैंने इस्राइल पर हमास के हमले की निंदा करने के लिए फलस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष (फलीस्तीन के राष्ट्रपति) अब्बास से बात की। उन्होंने दोहराया कि हमास फलस्तीनी लोगों के सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए खड़ा नहीं है। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि हम गाजा में नागरिकों तक मानवीय आपूर्ति सुनिश्चित करने और संघर्ष को बढ़ने से रोकने के लिए अपने भागीदारों के साथ काम कर रहे हैं।

हमास की करनी निर्दोष फलस्तीनी भुगत रहे: बाइडन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को कहा कि फलस्तीन में नागरिक बिना किसी वजह के कही युद्ध झेल रहे हैं। उनको किसी और के कुकृत्य का परिणाम भुगतना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के अधिकांश लोगों का आतंकवादी समूह हमास से कोई लेना-देना नहीं है। फिर भी वे हमास की करनी का दंश झेल रहे हैं।

इस्राइल में रह रहे एक भारतीय ने कही यह बात

पिछले 10 वर्षों से इस्राइल में रह रहे एक भारतीय व्यक्ति ने कहा कि मैं यहां रहता हूं। मेरा घर और व्यवसाय यहां है। थोड़ा डर है, लेकिन अन्य परिवार भी यहां हैं। अन्य लोगों के साथ हम तैयारी करते हैं। मेरे आवास पर शाकाहारी, भारतीय भोजन मिलता है। मैं इस्राइली सैनिकों की मदद कर रहा हूं। मैं यहां 10 साल से रह रहा हूं और अपने लिए नाम कमाया है। इसलिए मैं इस कठिन समय में इस्राइल के साथ खड़ा हूं। मैं भी शांति चाहता हूं। इसे बहाल किया जाए और स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाए।

स्पाइसजेट तेल अवीव के लिए अपनी दूसरी उड़ान संचालित करेगा

स्पाइसजेट ने रविवार को कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी से तेल अवीव के लिए अपनी दूसरी उड़ान संचालित करेगी। स्पाइसजेट की ओर से ऑपरेशन अजय के तहत इस्राइल से भारतीयों को वापस लाने के लिए संचालित की जाने वाली दूसरी उड़ान होगी। एयरलाइन दिल्ली से तेल अवीव के लिए A340 विमान के साथ उड़ान संचालित करेगी और उड़ान सोमवार सुबह वापस आएगी।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि इस्राइल से 320 भारतीय यात्रियों को लेकर स्पाइसजेट की पहली निकासी उड़ान रविवार सुबह 8.10 बजे दिल्ली पहुंची। इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने शुक्रवार से तेल अवीव के लिए और वहां से चार उड़ानें संचालित की हैं।

मिस्र के राष्ट्रपति से मिले ब्लिंकन

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने काहिरा के एएल इत्तिहादिया पैलेस में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने कहा कि हम नागरिकों, किसी भी नागरिक को नुकसान पहुंचाने की कड़ी निंदा करते हैं। हम ऐसे किसी भी कृत्य का समर्थन नहीं करते हैं। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि हम उन निर्दोष नागरिकों के साथ खड़े होने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो हमास की वजह से भुगत रहे हैं। हम इस संकट, इस संघर्ष से निपटने के लिए साथ काम करने के लिए भी आए हैं।

Back to top button