Saturday, May 16, 2026
Latest:
katniLatestमध्यप्रदेश

जवारा जुलूस में सरपंच को पहनाई जूतों की माला, बहोरीबंद की नीमखेड़ा ग्राम पंचायत में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, गांव में तनाव

कटनी(YASHBHARAT.COM)। बहोरीबंद जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नीमखेड़ा में शुक्रवार की शाम आस्था का माहौल अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। जवारा विसर्जन जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने सरपंच को सरेआम जूतों की माला पहना दी, जिसके बाद भड़की हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं। बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया के अनुसार घटना उस समय हुई जब गांव में जवारा जुलूस निकाला जा रहा था। सरपंच भागचंद गडारी (50) अपने साथियों के साथ भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। उसी दौरान प्रकाश जायसवाल नामक व्यक्ति ने पुरानी दुश्मनी को लेकर सरपंच के गले में जूतों की माला डाल दी। इस अपमानजनक हरकत के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर काउंटर मामला दर्ज किया है। सरपंच भागचंद की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकाश जायसवाल के खिलाफ धारा 296 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है जबकि दूसरे पक्ष अनमोल जायसवाल ने आरोप लगाया कि सरपंच भागचंद, सौरभ और राजेंद्र ने उनके घर में घुसकर महिलाओं (मां और बहन) के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस पर धारा 333, 296, 115(2), 351(2) सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

गांव में पुलिस बल तैनात

जुलूस के दौरान हुई इस अपमानजनक घटना और मारपीट के बाद नीमखेड़ा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने मीडिया को बताया है कि जवारा जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों तरफ से मिली शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक