Iran के बुशहर बंदरगाह में सात जहाज जलकर खाक, आसमान में छाए काले धुएं के घने बादल

तेहरान। ईरान के बुशहर बंदरगाह में कम से कम सात जहाजों में भीषण आग लग गई है। इसके चलते ईरान के जल क्षेत्र के पास स्थित कुछ संवेदनशील स्थानों में भीषण विस्फोट हुए हैं। हालांकि इस सिलसिले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जहाजों के बेड़ों में आग लगने से आसमान में काले धुएं के घने बादल
सरकारी प्रसारणकर्ता आइआरआइबी के जरिये बताया गया कि खाड़ी के दक्षिणी बंदरगाह में बुधवार को जहाजों के बेड़ों में भयावह आग लगने से आसमान में काले धुएं के घने बादल देखे गए। जून से अब तक ईरान के कई सैनिक, परमाणु और औद्योगिक ठिकानों पर कई धमाके हो चुके हैं।
ईरान के नतांज भूमिगत परमाणु केंद्र में भी विस्फोट हो चुके हैं
विगत 2 जुलाई को ईरान के नतांज भूमिगत परमाणु केंद्र में भी विस्फोट हो चुके हैं। नतांज ईरान के परमाणु कार्यक्रम का केंद्र है। हालांकि ईरानी सरकार का कहना है कि इस केंद्र का उद्देश्य नागरिक उपयोग के लिए है।
परमाणु शस्त्र कार्यक्रम को 2003 में ईरान ने बंद कर दिया था
पश्चिमी खुफिया एजेंसियां और संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी संस्थान (आइएईए) का मानना है कि यह एक परमाणु शस्त्र कार्यक्रम का हिस्सा है जिसे 2003 में ईरान ने बंद कर दिया था। विगत तीन जुलाई को ईरान के सर्वोच्च सुरक्षा निकाय ने कहा था कि नतांज में विस्फोट का कारण पता चल चुका है, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।
Posted By:








